सुंदरनगर – अजय सूर्या
राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर की सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली कलाकारों को अधिमान देने के साथ स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह जानकारी देते हुए मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं उपमंडलाधिकारी सुंदरनगर गिरीश समरा ने बताया कि 22 से 28 मार्च तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर की पांच सांस्कृतिक संध्यांओं के लिए नवोदित व अन्य कलाकारों के चार से सात मार्च तक ऑडिशन करवाएं जायेंगे ताकि उच्च स्तरीय कलाकारों को मंच प्रदान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि ऑडिशन निर्धारित दिनों में सुबह 10:00 बजे से शाम तक सामुदायिक भवन (कम्युनिटी हॉल) नजदीक जवाहर पार्क में होंगे।
उन्होंने कहा कि इस बार मेला कमेटी द्वारा निर्णय लिया गया कि हिमाचल के अन्य जिला के कलाकारों को भी ऑडिशन देने का मौका दिया जाएगा।
जिला के कलाकारों की सुविधा के लिए सोमवार 4 मार्च को सुंदरनगर, बल्ह ,गोहर, बाली चौकी, थुनाग और करसोग तथा 5 मार्च को सदर, कोटली, पधर, जोगिंदरनगर, धर्मपुर और सरकाघाट के कलाकारों के ऑडिशन होंगे।

