सुंदरनगर/मंडी – अजय सूर्या
उपमंडल सुंदरनगर में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य पर एसडीएम कार्यालय के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने की और इस कार्यक्रम में सुंदरनगर के सभी सम्माननीय पत्रकार सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2024 की थीम के आधार पर पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के ऊपर विस्तृत चर्चा की गई जिसमें पत्रकार सदस्यों ने अपने-अपने विचार सांझा किए। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार तथा प्रेस क्लब सुंदरनगर के मुख्य सलाहकार व संरक्षक अदीप सोनी को सम्मानित किया गया।
एसडीएम सुंदरनगर ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की उन्नति और विकास के लिए पत्रकारिता की एक महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार को समाज का आईना भी कहा जाता है। पत्रकार बिना किसी डर व भेदभाव से सच्चाई को दिखाता है।
पत्रकारिता में प्रमाणिक, वास्तविक और सही खबरें सांझा करने से लोगों को भी फायदा होता है तथा प्रशासन को भी समाज की घटनाओं की जानकारी मिलती है जिससे समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान के इस भाग दौड़ वाले समय में जिस प्रकार खबरों ने गति पकड़ी है वह बेहद चुनौती पूर्ण व जिम्मेदारी का काम है।
पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है जिससे पत्रकारों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। पत्रकारिता को जनता की आवाज भी कहा जाता है इसके जरिए ही आम जनमानस की खबरें सत्ता और प्रशासन में बैठे लोगों तक पहुंचती है जिससे वे अपने कार्य को और बेहतर तरीके से कर पाते हैं।
उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि टेक्नोलॉजी के नए-नए साधन व मध्यम आ रहे हैं तो मेरी यह कामना है कि आप टेक्नोलॉजी का सही तरीके से उपयोग करेंगे ताकि आम जनमानस की भलाई हो तथा प्रशासन द्वारा जनता के लिए आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी भी समय पर पहुंचे।

