
चुराह – अनिल
चुराह उपमंडल के अंतर्गत आने वाले हिमगिरी के रालेई गांव में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। गांव में पिछले कई दिनों से पानी न आने से लोग परेशान हैं।
कई बार समस्या विभागीय कर्मचारियों के समक्ष उठाई गई, लेकिन इसका कोई हल नहीं निकल पाया। *अब सोमवार को उपायुक्त चंबा से मिलकर समस्या के समाधान की गुहार लोगों ने लगाई है।
गांववासी मोती राम, भीलो, नेक राम, जर्म सिंह, ओम प्रकाश, रमेश, चतर सिंह, देवी सिंह सहित अन्य का कहना है कि जिस सोर्स से गांव के लिए पानी की सप्लाई होती हैं, वहां से मार्ग में अन्य गांव के लिए भी पानी दिया जाता है।
मार्ग में पड़ने वाले जिन गांव के लिए उपरोक्त सोर्स से पानी की सप्लाई होती है, उन लोगों ने दो-दो तीन-तीन कनेक्शन ले रखे हैं, ऐसे में यह लोग मुख्य पाइपलाइन से झेड़खानी कर पानी की सप्लाई रोक देते हैं।
इतना ही नहीं रालेई गांव के लिए जिस पाइपलाइन से पानी की सप्लाई होती है वह काफी पुरानी हो चुकी है। लिहाजा जंग खा चुकी टूटी-फूटी पाइपें मार्ग में ही लीक हो रही हैं, ऐसे में गांव में पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे लोग काफी परेशान हैं।
लोगों का कहना है कि कई दिनों से पानी की बूंद न टपकने से नल पूरी तरह से सूखे पड़े हैं। गांव के लोगों को दो से तीन किलोमीटर दूर स्थित प्राकृतिक जल स्त्रोतों से पानी लाकर प्यास बुझानी पड़ रही है, लेकिन लंबे समय से चल रहे सूखे के कारण इन स्त्रोतों में भी पानी की काफी कमी हो गई है।जिससे परेशानी ओर बढ़ गई है। ग्रामीणों ने समस्या को विभाग के पास भी कई दफा रखा पर उनकी ओर से इसे हर समय अनसुना किया गया है।
लोगों का कहना है कि पानी की समस्या के चलते दिनचर्या के अन्य कार्य भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। यदि उक्त समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाता है तो आगामी समय में लोगों को राहत मिल सकती है।
यदि समाधान नहीं होता है तो आगामी गर्मियों के दिनों में पानी की समस्या और भी विकराल रूप धारण कर लेगी, जिस कारण लोगों का जीना दूभर हो जाएगा।
ऐसे में उन्होंने उपायुक्त चंबा से समस्या के समाधान की गुहार लगाई है, ताकि आगामी गर्मी के दिनों में उन्हें पानी के लिए भटकना न पड़े।
उधर, उपायुक्त चंबा डीसी राणा ने कहा कि पानी की समस्या को हल करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दे दिए गए हैं।
