
नूरपुर – देवांश राजपूत
पंचायत गुरचाल के लोग 35 साल पुराने बस रूट को बंद करने से नाराज हैं। उन्होंने रूट बहाल न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
बस स्टॉप गुरचाल में ग्राम स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें कहा गया कि कुड्डी-होवार से गुरचाल, सदवां होकर 35 साल से चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम डिपो पठानकोट की बस का रूट बदलकर अब वाया डन्नी चलाया जा रहा है। इससे यहां की स्थानीय जनता, आर्मी के जवानों, कर्मचारियों तथा कॉलेज के छात्रों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
जनजाति विभाग एचपीसीसी के प्रदेश महासचिव जगदीश चौहान, पंचायत प्रधान खुशवंत चौहान, पूर्व वार्ड मेंबर जनक राज शर्मा के अलावा स्थानीय लोगों में कांता शर्मा, नसीब कुमार, पूर्व सैनिक करनैल सिंह ने कहा कि इस समस्या के बारे में एसडीएम नूरपुर व एचआरटीसी के अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुका है, मगर अभी तक कोई भी समाधान नहीं किया गया है। इससे लोगों में भारी रोष पनप चुका है।
लोगों ने सरकार, प्रशासन व हिमाचल पथ परिवहन निगम को चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र ही इस बस को वाया गुरचाल, सदवां चलाया जाए, अन्यथा जनता धरना-प्रदर्शन कर चक्का जाम करेगी।
बैठक में पूर्व प्रधान शक्ति पठानिया, वीर सिंह, लक्की शर्मा, प्रीतम शर्मा, ज्ञान, भाग सिंह, शशि पाल, सुभाष शर्मा, छांगा राम, बिंदो राम, हरिया, सुमना देवी, महासू राम, राजेश कुमार, अमको देवी, बिट्टू राम, रशपाल, नरेश कुमार, दुर्गा देवी, काजल, अमिता, मनीषा, मुस्कान, पूनम, विजय व रवि शर्मा इत्यादि सदस्यों ने भाग लिया।
वहीं पठानकोट डिपो के आरएम सुभाष सनोत्रा ने बताया कि अगर बस चलाने को लेकर दो-तीन पंचायतों का प्रस्ताव आता है तो उच्च अधिकारियों से बात कर रूट को बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।
