संगड़ाह, 26 जनवरी – नरेश कुमार राधे
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जनपद में दर्दनाक हादसा हुआ है, इसमें दो व्यक्तियों की मौत हो गई। उपमंडल संगडाह के रजाना में एक टिप्पर (HP71A-1142) खाई में लुढ़क गया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे माइना से रजाना की तरफ जा रहा टिप्पर देखते ही देखते बाजार से थोड़ा पहले टटियाना नामक स्थान पर सड़क से नीचे जा गिरा। तुरन्त ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को भी सूचित किया गया।
मुख्य सड़क से नीचे ढलान पर दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद टिप्पर हीरा सिंह की पशुशाला के ऊपर रुका। टिप्पर से थोड़े ऊपर दो व्यक्ति बुरी तरह घायल हालात में थे।
मृतकों की पहचान देवेंद्र सिंह पुत्र संत राम गांव बड़वाना और रामानंद पुत्र नेत्र सिंह निवासी रजाणा के तौर पर हुई है।
तहसीलदार प्रोमिला धीमान के बोल
उधर, तहसीलदार प्रोमिला धीमान ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 25000 फौरी राहत राशि दी गई है।
डीएसपी मुकेश कुमार के बोल
डीएसपी मुकेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि करीब रात्रि 10 बजे हुए टिप्पर हादसे में दो व्यक्ति घायल हो गए थे, जिन्हें घायल अवस्था में ददाहू अस्पताल ले जाया गया था। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम ददाहू अस्पताल में करवाया जा रहा था। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

