
उद्योग के पीछे सरकारी जमीन पर फेंका प्लॉस्टिक कचरा, नाले में भरा पड़ा है सलज, प्रदूषण नियमों को ताक पर रखकर बाहर छोड़ा जा रहा है पानी, लगा दिया गंदगी का अंबार
बद्दी/नालागढ़ – रजनीश ठाकुर
एक तरफ पूरा विश्व पर्यावरण बचाने के लिए मुहिम छेड़े हुए है वहीं दूसरी तरफ एनजीटी और न्यायालय के आदेशों को ताक पर रखकर उद्योग प्रदूषण फैला रहे हैं। प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में आज हालत इतने बदतर हैं कि हवा, पानी और जमीन में जहर घोला जा रहा है। एनजीटी और न्यायालय के सख्त आदेशों की अवहेलना कर प्रदूषण फैलाने का मामला निचला मलपुर में सामने आया है। जहां श्री बालाजी इंटरप्राईजिस नियमों पर ताक पर रखकर गंदगी फैला रहा है।
उद्योग द्वारा पन्नी से प्लास्टिक दाना बनाया जाता है। उद्योग द्वारा कंपनी परिसर के पीछे सरकारी जमीन पर गंदगी फैलाई जा रही है। पीछे दो डिस्जार्च पाईप बनाए गए हैं और प्लास्टिक वेस्ट सरकारी जमीन पर फैलाया गया है। उद्योग के पीछे सरकारी जमीन पर बने नाले में पानी और सलज भरा है जिसमें दुर्गंध पड़ी है।
नाले में खड़े पानी में प्लास्टिक पन्नी का क्रश किया हुआ सलज पानी पर तैरता दिखाई दे रहा है। उद्योग की दूसरी साईड से लगातार पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है और उद्योग की दीवार से सटी जमीन पर प्लास्टिक सलज, बोरे और गंदगी फैलाई गई है। हालांकि उद्योगों को जीरो डिस्चार्ज के निर्देश हैं और कंपनी परिसर से बाहर किसी भी तरह की गंदगी उद्योग नहीं फैला सकते।
लेकिन श्री बालाजी इंटरप्राईजिस ने सभी नियमों और आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए उद्योग के पीछे और दीवार से सटी जमीन पर गंदगी का अंार लगा रखा है। जब इस बारे उद्योग प्रबंधन से बात की गई तो कोई संतोषजनक जबाब नहीं मिला। देखना यह है कि अब इस मामले पर प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड बद्दी द्वारा क्या कार्रवाई अमल में लाई जाती है।
हम पिछले 6 महीने से लगातार आपको बीबीएन के बेलगाम उद्योगों द्वारा पर्यावरण से किए जा रहे खिलवाड़ से रूबरू करवा रहे हैं और अभी तक 55 उद्योगों को नियमों की अवहेलना पर नोटिस जारी हो चुके हैं आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
अब देखना यह है कि निचला मलपुर स्थित प्लास्टिक दाना बनाने वाले उद्योग श्री बाला जी इंटरप्राईजिस पर प्रदूषण मानकों को दरकिनार कर फैलाई जा रही गंदगी पर क्या कार्रवाई प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड बद्दी द्वारा लाई जाती है।
