बिलासपुर, 26 जुलाई – सुभाष चंदेल
श्री नैना देवी में पार्किंग में कार्यरत कर्मचारियों के द्वारा श्रद्धालुओं के ड्राइवर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गुस्साए श्रद्धालुओं ने घवांडल चौक पर चक्का जाम कर दिया। उनका कहना था कि यह नगर परिषद की पार्किंग है और नगर परिषद ने ठेके पर दी है। चक्का जाम से गाड़ियों की लंबी लंबी कतारें लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्रियों का कहना था कि उनके ड्राइवर विजय कुमार जो कि चिंतपूर्णी से आया था ने गाड़ी को पार्किंग में खड़ा नहीं किया सवारियां उतारी और गाड़ी को पार्किंग से कहीं दूर जाकर खड़ा किया। लेकिन पार्किंग के लोग उनसे पैसे मांगने लगे।
ड्राइवर ने कहा कि वह पार्किंग में गाड़ी नहीं लगा रहा तो उसके पैसे नहीं देगा। इस पर बहसबाजी हुई और पार्किंग पर कार्यरत कर्मचारियों ने ड्राइवर के साथ मारपीट की, जिससे ड्राइवर घायल हो गया। स्थानीय टैक्सी यूनियन के कार्यकर्ता उसे हॉस्पिटल ले गए, जहां उसका उपचार करवाया गया।
मौके पर पुलिस भी पहुंची। पुलिस मौके पर कार्रवाई कर रही थी, लेकिन गुस्साए श्रद्धालुओं ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। आखिरकार चौकी प्रभारी पहुंचे और उन्होंने यात्रियों को आश्वासन दिया कि जो भी इस मामले में लिप्त है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस आश्वासन के बाद श्रद्धालुओं ने रास्ता खोल दिया और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं ने भी राहत की सांस ली।
उधर डीएसपी विक्रांत का कहना है कि इस संदर्भ में जांच के बाद 2 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

