
शिमला – जसपाल ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के निजी संस्थानों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उद्योगपतियों व कंपनियों की मदद ली जाएगी। निजी शिक्षण संस्थान नियामक आयोग ने उद्योगों के साथ मिलकर विद्यार्थियों की जॉब प्लेसमेंट को लेकर एक नई पहल करने की योजना बनाई है।
बुधवार को आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अतुल कौशिक और सदस्य प्रो. कमलजीत सिंह ने एपीजी शिमला विश्वविद्यालय में निजी विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
इस विशेष बैठक में हिमाचल प्रदेश के तीन सरकारी विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि और बारह निजी विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इन विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों व जॉब प्लेसमेंट समन्वयकों के साथ हुई इस कान्फ्रेंस में अध्यक्ष ने निजी विश्वविद्यालयों व निजी कालेजों में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए जॉब प्लेसमेंट को लेकर प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत किए गए सुझावों और जॉब प्लेसमेंट प्रबंधन पर चर्चा की, ताकि विद्यार्थियों को पढ़़ाई पूरी करने के पश्चात रोजगार प्राप्त करने में दिक्कत न हो।
अध्यक्ष मेजर जनरल अतुल कौशिक ने सभी निजी शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों व प्रसाशन को छात्र जॉब प्लेसमेंट की सुविधाओं को कैंपस में अपलब्ध करवाने को कहा।
अध्यक्ष अतुल कौशिक ने कहा कि बहुत ही जल्द आगामी मई महीने में एक व्यापक मेगा जॉब ड्राइव हिमाचल प्रदेश में होने जा रहा है जिसमें हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजनाओं बारे विद्यार्थियों को अवगत करवाएंगे ताकि घर द्वार पर रोजगार के अवसर प्रदान हो सके।
वेबसाइट से लिंक होंगे उद्योग-कंपनियां
मेजर जनरल अतुल कौशिक ने कहा कि इसी अप्रैल सप्ताह से जॉब-प्लेसमेंट पर ठोस रणनीति बनाए जाने को कहा और जॉब प्लेसमेंट से संबंधित और जॉब प्लेसमेंट छात्रों के साथ उद्योगों, कंपनियों को आयोग की वेबसाइट के साथ संस्थानों की वेबसाइट से लिंक किया जाएगा।
इससे विद्यार्थियों को समय-समय पर जॉब इंटरव्यू ऑनलाइन और कैंपस प्लेसमेंट की जानकारी मिलती रहे और उनका जॉब प्लेसमेंट रिकार्ड के साथ विद्यार्थियों के फीडबैक भी मिलती रहेगी।
