
केवल सिंह पठानियां ने भाजपा प्रत्याशी सरवीण चौधरी को 12243 मतों से दी मात
शाहपुर – नितिश पठानियां
विधानसभा क्षेत्र शाहपुर से कांग्रेस प्रत्याशी केवल सिंह पठानियां ने भाजपा प्रत्याशी सरवीण चौधरी को 12243 मतों से मात देकर विजय पताका फहराया है। विधानसभा क्षेत्र शाहपुर से कांग्रेस पार्टी से जीत दर्ज करने वाले केवल सिंह पठानिया पहले ऐसे प्रत्याशी हैं, जिनका गृह क्षेत्र शाहपुर है।
इससे पूर्व कांग्रेस पार्टी से जीत दर्ज करने वाले कुलतार चंद राणा धर्मशाला से तथा मेजर विजय सिंह मनकोटिया विधानसभा क्षेत्र कांगड़ा से संबंधित हैं। इस बार लोगों ने तमाम अटकलों, बयानों, मुद्दों को नजर अंदाज करते हुए धरतीपुत्र केवल सिंह पठानियां के पक्ष में मतदान करते हुए जीत का सेहरा उनके सिर बांधा।
वहीँ दूसरी तरफ भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया भी भाजपा की नैया पार नहीं करवा सके। जनता ने इस बार धरती पुत्र केवल सिंह पठानियां पर विश्वास जताते हुए उन्हें भारी मतों से जीत दर्ज करवाई।
केवल सिंह पठानियां ने शाहपुर में कोंग्रेस के 15 वर्षों के सूखे को तोड़ते हुए उन तमाम अटकलों को विराम लगा दिया, जिनके अनुसार यह कहा जाता था कि केवल सिंह पठानियां जो कि वार्ड मेंबर तक नहीं बन पाए, वह विधायक क्या बनेगा।
परंतु केवल सिंह पठानियां ने इन सभी बातों की ओर ध्यान न देते हुए पूरी लगन, तन-मन से जहां जनता की सेवा की, वहीं कांग्रेस पार्टी को शाहपुर में जिंदा रखा और एक सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाते हुए पूरे जोर-शोर से कार्य किया,जिसके लिए उनका साथ उनके कार्यकर्ताओं ने भी बखूबी दिया।
