चम्बा – भूषण गुरुंग
वन विभाग के रेस्ट हाउस का ताला तोड़कर शातिरों ने देवदार के 14 स्लीपरों पर हाथ साफ किया है। इतना ही नहीं रेस्ट हाउस के किचन में रखे सामान को भी चोरी कर लिया है। इसको लेकर वन विभाग ने पुलिस थाना चुवाड़ी में अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज करवा दी है।
पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद शातिरों को दबोचने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। रेस्ट हाउस के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस में दी शिकायत में वन विभाग के वनरक्षक और वन खंड अधिकारी ने बताया है कि 30 अप्रैल को फ्लाइंग स्क्वायड धर्मशाला की टीम ने 14 देवदार के स्लीपर पकड़े थे। इनको कैंथली वन बीट के वनरक्षक के हवाले किया था।
स्लीपरों को रेस्ट हाउस में रखा गया था लेकिन दो दिन पहले रेस्ट हाउस में लगे ताले को तोड़कर अंदर रखे देवदार के स्लीपरों को चोरी कर लिया गया है।
इसकी भनक विभाग को तब लगी जब रेस्ट हाउस में विभागीय कर्मचारी जांच- पड़ताल करने के लिए पहुंचे। इस दौरान वहां पर दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया गया। किचन में रखा सामान भी बिखरा पड़ा था।
इसको लेकर तुरंत वन विभाग ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

