
कोटला – स्वयंम
शिक्षा खंड कोटला के अंतर्गत अंडर 14 लड़के लड़कियों की खेलकूद का शुभारंभ ज्वाली विधायक अर्जुन सिंह द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय त्रिलोकपुर में किया गया। तीन दिन तक चलने वाली इस खेलकूद प्रतियोगिता में 15 विद्यालयों के 211 बच्चे भाग ले रहे हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बलजीत सिंह ने स्वागत भाषण पढ़ा। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत गाकर स्वागत किया। आजादी का अमृत महोत्सव मनाते हुए सभी बच्चों के हाथ में तिरंगे झंडे लहरा रहे थे और सभी भारत माता की जय के नारे गुंजायमान कर रहे थे।
विधायक अर्जुन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश खेलों में निरंतर बुलंदियों की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से न सिर्फ मनुष्य शारीरिक रुप से स्वस्थ रह सकता है, बल्कि अपने मानसिक तनाव को भी दूर कर सकता है, मोटापे को कम कर सकता है, नींद में सुधार कर सकता है और तमाम बीमारियों से दूर रहकर एक स्वस्थ जिंदगी जी सकता है।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी का अम्रत महोत्सव मनाते हुए हर देशवासी को 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा लगना चाहिए, उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में पूरे प्रदेश सहित ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में पूरा विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही त्रिलोकपुर विद्यालय में कोमर्स की कक्षाएं शुरू होंगी। त्रिलोकपुर में दो लाख रुपए से जिम का निर्माण होगा। ज्वाली विधानसभा के सभी महिला मंडलों को 20-20 हजार नया सामान खरीदने के लिए दिए है। त्रिलोकपुर में स्टेज निर्माण एवं पंचायत भवन के लिए 2.5 लाख रुपए दिए हैं।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मंडलाध्यक्ष उत्तम धीमान, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य प्रदीप शर्मा, प्रधान त्रिलोकपुर दुर्गा दास, उपप्रधान राहुल खत्री, नियांगल प्रधान कै. चुन्नी लाल,बीडीसी जगदीश चंद, पूर्व डिप्टी डायरेक्टर जेपी शर्मा, प्रमिल द्विवेदी, नवीन शर्मा, भूमि सिंह चौहान, संजीव कुमार, पुलिस चौकी प्रभारी कोटला संजय शर्मा, शिक्षा खंड नूरपुर प्रधान विजय राणा, एसएमसी प्रधान ज्योति गोस्वामी सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
