कुल्लू – अजय सूर्या
पार्वती वैली के तुलगा इलाके में एक व्यक्ति ने होम स्टे संचालक और होम स्टे में ठहरे अन्य ग्राहक को रिवाल्वर और खुखरी के दम पर डराया। शिकायत के पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करके मणिकर्ण ले गई है।
पुलिस के अनुसार तुलगा निवासी पवन कुमार ने पुलिस के पास शिकायत की है कि इसके होम स्टे में अब्दुल नसीफ नामक व्यक्ति 3 नंबर कमरे में ठहरा था। बीते रोज शाम करीब साढ़े 7 बजे अब्दुल नसीफ अजीब हरकतें करने लगा। होम स्टे से निकलकर बाहर घूमने लगा और उसकी हालत भी अजीब सी लग रही थी।
ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह किसी नशे में है। आरोपी ने इसी होम स्टे में दूसरे कमरे में ठहरे अक्षय अनुपम को भी रिवाल्वर और खुखरी के दम पर डराया धमकाया। डर के मारे अक्षय अनुपम बेहोश हो गया। जब बेहोश पड़े अक्षय अनुपम को संभाल रहा था तो आरोपी ने रिवाल्वर और खुखरी के दम पर उसे भी धमकाया।
एसपी डाॅ कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन के बोल
एसपी डाॅ कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और और पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

