
ब्यूरो – रिपोर्ट
धर्मशाला. राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केन्द्रीय विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित छठे दीक्षांत समारोह के दौरान एक गरिमापूर्ण समारोह में दस मेधावी छात्रों को स्वर्ण पदक प्रदान किए.
राष्ट्रपति ने इस दीक्षांत समारोह के अवसर पर सभागार में उपस्थित लोगों को संबोधित भी किया.
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर स्वर्ण पदक और डिग्री प्राप्त करने वाले छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि छात्र जीवन हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है, जो हमारे व्यक्तित्व के समग्र विकास और हमारी रचनात्मक क्षमता को बढ़ाने में सहायता करता है.
हिमाचल प्रदेश ने एक छोटा राज्य होने के बावजूद भी शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़े राज्यों को रास्ता दिखाया है और जिसका श्रेय इस पहाड़ी राज्य के शिक्षकों को जाता है.
उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके जैसे युवाओं के सामने कई क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध हैं और भारत के युवाओं में इन अवसरों का उपयोग करने की क्षमता है.
जरूरत इस बात की है कि वे अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखें और आगे बढ़ते रहें. उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह उनकी औपचारिक शिक्षा पूरी करने का एक अवसर है, लेकिन सीखना जीवन भर जारी रहेगा. उन्हें हर कदम पर, हर किसी से सीखने के लिए तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में देश की बेटियां हर क्षेत्र में बेटों से आगे निकल रही हैं. शिक्षा के हर स्तर पर बेटियों ने सफलता के झंडे गाड़े हैं.
केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भी गोल्ड मेडल और डिग्रियां लेने वालों में बेटियां आगे रही हैं. राष्ट्रपति ने कहा कि छात्रों को हमेशा यह याद रखना चाहिए कि उन्होंने अब तक जो हासिल किया है उसमें समाज ने किसी न किसी रूप में योगदान दिया है.
जय राम ठाकुर ने कहा कि शिक्षकों और छात्रों की सुविधा के लिए शीघ्र ही केंद्रीय विश्वविद्यालय का अपना परिसर होगा. उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का ध्येय स्वरोजगार और नवीन शिक्षा प्रदान करना रहा है।
जिसके परिणामस्वरूप 400 से अधिक छात्र पदक और डिग्री प्राप्त कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इससे यह भी पता चलता है कि इन वर्षों में विश्वविद्यालय ने प्रगति की है.
उन्होंने कहा कि ज्ञान व्यवहारिक होना चाहिए, इससे जिम्मेदारी की भावना आती है, जो समाज में ज्ञान और एकता का मार्ग प्रशस्त करती है और एक मजबूत और श्रेष्ठ राष्ट्र के लिए राष्ट्रीयता की भावना जागृत करती है.
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.पी. बंसल ने राष्ट्रपति और गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की.
ये रहे मौजूद
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी, सांसद किशन कपूर, हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रो. एच.एस. बेदी, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, कार्यकारी परिषद और अकादमिक परिषद के सदस्य, विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार, अधिष्ठाता अध्ययन, परीक्षा नियंत्रक, विभिन्न विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर एवं छात्र और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे.
