
हिमखबर – डेस्क
आयुष विभाग में चिकित्सकों के 210 पद भरे जाएंगे। इसमें से 110 बैचवाइज और 100 को कमीशन द्वारा भरा जाना है। बैचवाइज प्रक्रिया विभाग ने पहले ही शुरू कर दी है। इसके लिए विभाग ने लोगों से आवेदन मांगे थे, जो विभाग को मिल गए हैं।
प्रदेशभर से 700 लोगों के आवेदन विभाग को मिल चुके हैं। अब विभाग इन आवेदनों की छंटाई कर वरिष्ठता के आधार पर पात्र चिकित्सकों की नियुक्ति करेगा। कमीशन के आधार पर चिकित्सकों के पदों को भरने के लिए भी आयुष विभाग ने लोक सेवा आयोग को प्रस्ताव भेज दिया है।
उम्मीद जताई जा रही है कि आयोग जल्द भर्ती की प्रक्रिया को शुरू करेगा। आयुष विभाग ने अगस्त में चिकित्सकों के रिक्त पदों भरने की प्रक्रिया शुरू करने तैयारी की है। आयुष विभाग में चिकित्सकों के स्वीकृत 1300 पदों में से 850 भरे हुए हैं, शेष 450 पद इस समय रिक्त हैं। इनमें से विभाग 210 पदों को जल्द भरेगा।
आयुष विभाग के इस निर्णय से एक ओर जहां प्रशिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, वहीं लोगों को अस्पतालों में अच्छी स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जाएगी।
