शिमला, 30 जनवरी – नितिश पठानियां
महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को देशभर में शहीदी दिवस के रूप में मनाया गया। इस मौके पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व मंत्रिमंडल के सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर याद करते हुए हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि स्वतंत्रता की लड़ाई में महात्मा गांधी ने अग्रणी भूमिका निभाई। देश की आजादी के लिए अहिंसा को आधार बनाकर सारा देश महात्मा गांधी के साथ एकत्र हुआ। उन्होंने कहा कि आज भारत आजाद हो गया तो उसके मुख्य सूत्रधार महात्मा गांधी थे।
राज्यपाल ने कहा कि सारा देश महात्मा गांधी का उनके बलिदान के लिए कृतज्ञ है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि सभी प्रदेशवासियों की तरफ से महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं।
वहीं इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के मौके पर वह सभी महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित करने आए हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी सभी को एक साथ मिलकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहे। हम सब भी उन्हीं के आदर्शों को आधार मानकर एक साथ मिलकर आगे बढ़े।
ये रहे उपस्थित
राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा, सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मुख्य संसदीय सचिव सुन्दर सिंह ठाकुर, विधायक कुलदीप सिंह राठौर, वन विकास निगम के अध्यक्ष केहर सिंह खाची, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, उपमहापौर उमा कौशल, उपायुक्त आदित्य नेगी, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के निदेशक राजीव कुमार, नगर निगम शिमला के आयुक्त भूपेन्द्र कुमार अत्री, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित थे।

