
अभिभावकों ने चेताया जल्द रिक्त पदों को नहीं भरा, तो सरकार व शिक्षा विभाग के खिलाफ खोलेंगे मोर्चा-
ज्वाली – शिबू ठाकुर
विस क्षेत्र ज्वाली के अधीन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भलाड़ में अध्यापकों के रिक्त पदों को बार-बार अवगत करवाने के बाद भी न भरने से स्कूल प्रबंधन समिति सहित अभिभावकों में सरकार के प्रति रोष व्याप्त है।
स्कूल में शास्त्री अध्यापक, शारीरिक शिक्षक सहित हिंदी प्राध्यापक का पद रिक्त चल रहा है। जिससे संस्कृत व हिंदी की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। तो शारीरिक शिक्षक न होने के कारण खेलकूद गतिविधि नहीं हो पाती है। इसके अलावा फिजिकल एजुकेशन की भी पढ़ाई नहीं हो पा रही है।
शास्त्री का पद रिक्त होने के कारण बच्चों का संस्कृत का पीरियड ही नहीं लगता। जिससे बच्चे संस्कृत बोलने व सीखने में असमर्थ हैं। स्कूल में अध्यापकों के पद रिक्त होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा पढ़ाई न होने के कारण अभिभावक अपने बच्चों को इस स्कूल से निकलवाने को मजबूर हो रहे हैं।
कई बच्चे तो पलायन भी कर गए हैं। जोकि अन्य स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं। स्कूल में पर्याप्त अध्यापक न होने के कारण बच्चों के अभिभावकों व स्कूल प्रबंधन समिति में सरकार व शिक्षा विभाग के प्रति काफी रोष है।
स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष संध्या देवी सहित बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि एक तरफ प्रदेश सरकार स्कूलों में बेहतर शिक्षा प्रदान करने के दावे करती है लेकिन हकीकत में सरकार के दावे धूल फांक रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पर्याप्त स्टाफ व मूलभूत सुविधाएं न मिलने के कारण ही अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ने के लिए भेजते हैं।
उन्होंने कहा कि स्कूल में पर्याप्त स्टाफ न होने के कारण बच्चों का साल बर्बाद हो रहा है। इस स्कूल में काफी संख्या में बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं लेकिन स्टाफ के अभाव के कारण उनको काफी परेशान होना पड़ रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि अगर सरकार ने जल्द से जल्द इन पदों को नहीं भरा गया तो बच्चों की शिक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्कूल प्रबंधन समिति सहित अभिभावकों ने चेताया है कि अगर खाली पदों को नहीं भरा गया तो सरकार व शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोला जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मांग की है कि स्कूल में रिक्त चल रहे पदों को भरा जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई सुचारू हो सके।
एसएमसी अध्यक्ष संध्या देवी के बोल
इस बारे में स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष संध्या देवी ने कहा कि हम कई बार रिक्त पदों को भरने बारे अवगत करवा चुके हैं लेकिन सरकार व शिक्षा विभाग द्वारा रिक्त पदों को भरा नहीं जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रिक्त पदों के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। बच्चों की शिक्षा के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द रिक्त पदों को भरा जाए अन्यथा अभिभावकों को साथ लेकर तालाबंदी करने को मजबूर होना पड़ेगा।
प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार के बोल
इस बारे में प्रधानाचार्य सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि हमारे स्कूल में कई सालों से शिक्षकों की कमी चल रही है जिसकी जानकारी समय-समय पर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक तथा उच्च शिक्षा उपनिदेशक को देते हैं लेकिन आजतक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
