देहरा – शिव गुलेरिया
बेटे का दोस्त बताकर व्यक्ति को फोन पर उनके खाते में नौ लाख की राशि जमा करवाने और इस राशि को भारत आने पर लेने की बात कहकर शातिर ने एक व्यक्ति के खाते से साढ़े लाख रुपये उड़ा लिए। जिला कांगड़ा के देहरा निवासी व्यक्ति के साथ यह ठगी हुई है।
व्यक्ति ने ठगी का अहसास होने पर साइबर क्राइम पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। शिकायतकर्ता संजय शर्मा, निवासी देहरा गोपीपुर ने बताया कि उन्हें एक अनजान व्यक्ति ने फोन किया और अपनी पहचान बताते हुए कहा कि वह उनके बेटे का दोस्त बोल रहा है।

इस दौरान शातिर ने विश्वास दिलाया कि उसने उनके खाते में नौ लाख जमा किए हैं और जब वह भारत आएगा तो वह इस राशि को ले लेगा। इस दौरान शातिर ने कुछ दस्तावेज भी ऑनलाइन भेजे, जिससे विश्वास हो सके कि उसने नौ लाख रुपए भेजे हैं। शातिर ने कहा कि यह राशि उनको 24 घंटे में मिलेगी।
इसके बाद संजय को दोबारा शातिर का फोन आया तो उसने कहा कि एयरपोर्ट पर कस्टम ऑफिसर ने पकड़ लिया है और उसके वीजा को अवैध बता रहे हैं। उसको कुछ राशि की आवश्यकता है। इस पर संजय ने शातिर के बताए खाते में 3.80 लाख और 4.70 लाख रुपये डाल दिए।
शिकायतकर्ता को बाद में इस बात का एहसास हुआ है कि शातिर ने उनको ठग लिया है। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाना धर्मशाला में इस शिकायत दर्ज करवा दी है।
साइबर क्राइम नॉर्थ जोन कांगड़ा एएसपी प्रवीण धीमान के बोल
वहीं मामले की पुष्टि करते हुए साइबर क्राइम नॉर्थ जोन कांगड़ा के एएसपी प्रवीण धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

