बेजुबान ‘चिप्सी’ की रूला देने वाली दास्तां, मासूम बच्चों की हत्या पर मांग रही न्याय

--Advertisement--

Image

व्यूरो रिपोर्ट

बेजुबान पशुओं खासकर कुत्तों से गहरा लगाव रखने वाले विवेक शर्मा ‘खेड़ा मंदिर’ पर माथा टेकने आए थे। अचानक ही एक कुतिया (चिप्सी) पांव से लिपटकर बरबस ही आंसू बहाने लगी। चिप्सी का विवेक से गहरा नाता था, क्योंकि बीती रात विवेक ही चिप्सी के नवजात पिल्लों को खाना देकर गए थे।

चिप्सी बार-बार विवेक से साथ चलने का इशारा करती रही। विवेक को भी दाल में कुछ काला नजर आया। जगन्नाथ मंदिर के समीप जब विवेक ठीक उस जगह पहुंचे, जहां वीरवार की रात नवजात पिल्लों सहित चिप्सी को खाना दिया था, विवेक मंजर देखकर अवाक रह गए। किसी अज्ञात दरिंदे ने बेरहमी से चिप्सी के पिल्लों को मौत के घाट उतार दिया था।

फौरन ही विवेक ने डॉग लवर्स के ग्रुप में घटना की जानकारी अपडेट की। तुरंत ही शहर के कुत्ता प्रेमियों में रोष की लहर पैदा हो गई। इसके बाद विवेक ने पोस्टमार्टम के लिए मौत के आगोश में समा चुके तीन पिल्लों को एक गत्ते की पेटी में डाला तो उस दौरान भी चिप्सी की आंखों से बरबस आंसू बह रहे थे।

विवेक गत्ते की पेटी को लेकर वैटर्नरी अस्पताल की तरफ बढ़ रहे थे। चिप्सी भी साथ-साथ वेटनरी अस्पताल पहुंच गई। पोस्टमार्टम करने वाले भी इस बात को जानकर बेहद ही स्तब्ध थे कि कोई कैसे बेजुबानों पर इस कद्र अत्याचार कर सकता है। चिप्सी भी पोस्टमार्टम रूम में दाखिल होकर बार-बार गत्ते की पेटी के इर्द-गिर्द ही घूमती नजर आई। घटनास्थल की तस्वीरें विचलित करने वाली थी, लिहाजा शेयर नहीं की जा रही।

उधर, पोस्टमार्टम करने वालों का ये कहना था कि संभव है कि कुत्ते के बच्चों का गला पकड़कर किसी भारी वस्तु से वार किया गया। शहर में इस दरिंदगी की खबर आग की तरह फैली तो बड़ी संख्या में लोग सुबह ही घटनास्थल पर भी पहुंच गए थे।

डॉग लवर डाॅ. मोनिषा अग्रवाल व प्रिया ने बताया कि कच्चा टैंक पुलिस में लिखित शिकायत सुबह ही दे दी गई थी। उन्होंने बताया कि करीब एक साल पहले भी इसी जगह पर कुछ बंदरों को जहर देकर मारा गया था। इससे ये जाहिर होता है कि कोई सनकी इन बेजुबान जानवरों पर अत्याचार कर रहा है।

ये जरूरी…

बेशक ही कानूनी प्रावधानों में ऐसे कृत्यों को अंजाम देने वालों की सजा कुछ भी हो, अलबत्ता ये जरूर है कि ऐसे लोग समाज के लिए बेहद ही घातक साबित हो सकते हैं। इनकी पहचान लाजमी तौर पर समाज को होनी चाहिए।

बड़ा सवाल ये है कि पुलिस इस गंभीर मामले में कोई ठोस कदम उठाएगी या फिर ढुलमुल रवैया अपनाकर रफा-दफा कर देगी। ये अलग बात है कि डाॅग लवर्स ने मोर्चा खोलने का फैसला लिया है।

इसी बीच डीएसपी मिनाक्षी ने माना कि कृत्य बेहद ही गंभीर है। उनका कहना था कि ऐसा प्रतीत होता है कि किसी सनकी द्वारा वारदात को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही सीसी फुटेज भी खंगाली जाएगी।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

हिमाचल के निजी-सरकारी स्कूलों पर शिकंजा, शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश

हिमखबर डेस्क  हिमाचल प्रदेश के कई निजी स्कूलों सहित सरकारी...