
बिलासपुर – सुभाष चंदेल
हिमाचल प्रदेश के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर का कार्य अंतिम चरण पर है। इसके लोकार्पण के लिए सितंबर में प्रधानमंत्री का बिलासपुर का दौरा करेंगे। इस दौरान नरेंद्र मोदी बिलासपुर के लुहणू मैदान में जनसभा भी करेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
एम्स बिलासपुर में प्रशासनिक और एम्स के अधिकारियों के साथ उपायुक्त बिलासपुर पंकज राय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कार्यकारी निदेशक डॉक्टर वीर सिंह नेगी ने उपायुक्त बिलासपुर को तैयारियों से संबंधित ब्योरा दिया।
उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह से 150 बिस्तरों के साथ आईपीडी सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसे बाद में चरणबद्ध तरीके से 750 बिस्तर तक कर दिया जाएगा। ई-ब्लॉक में 16 बिस्तरों की आईसीयू सुविधा और ब्लड बैंक का कार्य भी शुरू किया जा रहा है।
इस बैठक में एसपी बिलासपुर एसआर राणा ने कानून और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा की।
इस अवसर पर उपायुक्त व संबंधित अधिकारियों ने ओपीडी, प्रयोगशाला, ऑपरेशन थियेटर, आपातकालीन, सीटी स्कैन मशीन, एमआरआई के साथ भवनों और रास्तों का जायजा लिया। उन्होंने एम्स के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय रहते तैयारियां पूरा कर लें।
उपायुक्त ने चिह्नित सभा स्थल लुहणू मैदान का भी निरीक्षण किया। लुहणू मैदान में नालियों से पानी की निकासी, मैदान को समतल और सभायुक्त बनाने के लिए समुचित व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने बिजली, पानी, शौचालय, साफ-सफाई बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रधानमंत्री के प्रवास के दौरान सभा स्थल के आसपास व अन्य स्थानों पर पार्किगिं व्यवस्था की संभावनाओं को तलाशते हुए गहनता से मंथन किया।
ये रहे मोजूद
इस अवसर पर डीन अकादमिक प्रो. संजय विक्रंात, अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग चंद्र शर्मा, उप.निदेशक प्रशासन एम्स ले. कर्नल राकेश कुमार, एमएस एम्स डॉक्टर दिनेश वर्मा, सहायक आयुक्त गौरव चौधरी, अधीक्षण अभियंता राजेश शर्मा, डीएसपी राजकुमार, कमांडेंट होमगार्ड भीम सिंह जम्वाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राजेंद्र सिंह जुबलानी, अधिशासी अभियंता जलशक्ति राकेश वैद्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीण चौधरी, एमएस डॉक्टर संजीव वर्मा, जिला खेल अधिकारी रविशंकर उपस्थित रहे।
