
शाहपुर – नितिश पठानियां
लगातार जारी भारी बारिश ने जिला कांगड़ा में जबरदस्त कहर बरपाया है। पठानकोट-मंडी एनएच पर शाहपुर के चम्बी चौक पर भारी भूस्खलन के चलते शनिवार सुबह से एनएच बंद पड़ा है। राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी हुई हैं। भूस्खलन से चम्बी-घरोह-धर्मशाला मार्ग पर भी आवाजाही थम गई है।
चम्बी चौक पर कई दुकानों में मलबा भर गया है। सड़क किनारे करीब आधा दर्जन खोखनुमा दुकानें पूरी तरह मटियामेट हो गई हैं। मलबे में एक वाहन भी दब गया है। पठानकोट-मंडी एनएच पर चम्बी पुल मलबे से भर गया है। चम्बी चौक के पास सड़क का नामोनिशान मिट चुका है।
भूस्खलन से आसपास के कई घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। अभी भी साथ लगती पहाड़ी से मलबा गिर रहा है। चंबी पुल के पास शराब ठेका और अन्य कुछ दुकानें भी भूस्खलन की चपेट में आ गई हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भूस्ख्लन के चलते प्रशासन ने रोड डाइवर्ट कर दिया है।
अब नूरपुर या कांगड़ा व पालमपुर से आवाजाही करने वाले वाहनों को धर्मशाला होकर भेजा जा रहा है। नूरपुर से आने वाले वाहनों को चंबी पुल से वाया चड़ी, घरोह होकर धर्मशाला भेजा जा रहा है। इसी तरह पालमपुर या कांगड़ा से आने वाले वाहनों को गगल से धर्मशाला होकर वाया घरोह, चड़ी होते हुए चंबी भेजा जा रहा है। लेकिन सुधेड़ में भी भूस्खलन होने से आवाजाही प्रभावित है।
एनएच से मलबा साफ करने के लिए लोक निर्माण विभाग की जेसीबी चम्बी पहुंच गई है, लेकिन मार्ग बहाली में समय लग सकता है।
