
बद्दी/नालागढ़ – रजनीश ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में स्थित औद्योगिक नगर बद्दी में क्राइम लगातार बढ़ रहा है। यहां अब घर में दुधमुंहे बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं। औद्योगिक नगर बद्दी में एक निजी अपार्टमेंट में बच्चा चोरी करने के प्रयास का मामला सामने आया है। हालांकि, मां ने सजगता से बच्चे को बचा लिया, लेकिन धक्कामुक्की में बच्चा नीचे गिर कर घायल हो गया।
इसके बाद दोनों आरोपित महिलाएं वहां से भाग गईं। आरोपित महिलाओं ने सरेआम घर से बच्चा चुराने का प्लान बनाया। लेकिन मां की होशियारी व हिम्मत से महिलाएं अपनी चाल में कामयाब नहीं हो पाईं।
रोहित शर्मा निवासी गांव धलौल, तहसील घुमारवीं (बिलासपुर) ने पुलिस को बताया कि वह बद्दी में फार्मा उद्योग में काम करता है। वीरवार को पत्नी शिवानी शर्मा ऋषि अपार्टमेंट में पांचवीं मंजिल में अपने फ्लैट में थी। उनका चार माह का बच्चा है। फ्लैट की टंकी का कनेक्शन बंद था। आशंका जताई जा रही है कि महिलाएं ताक में थीं कि शिवानी टंकी देखने जाएगी और बच्चा उठा लेंगी।
शिवानी बच्चा लेकर ही ऊपर की मंजिल में गई। इसी दौरान दो महिलाएं मास्क लगाकर आईं और बच्चे को छीनने लगीं। हालांकि सफलता नहीं मिलने पर फरार हो गईं।
डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। ऋषि अपार्टमेंट की सुरक्षा की समीक्षा की जाएगी।
