बचपन की शरारतों का डर या हिमाचल की अमूल्य औषधि? एक पौधा और कई रहस्य

--Advertisement--

हिमखबर डेस्क

बचपन में जब कोई बच्चा शरारत करता था, तो बड़ों की जुबां पर एक ही चेतावनी होती थी- “बिच्छू बूटी से लगा दूंगी”. यह नाम सुनते ही शरीर में झनझनाहट सी दौड़ जाती थी, लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही बिच्छू बूटी आज आयुर्वेद और आधुनिक हर्बल चिकित्सा में एक बेहद उपयोगी औषधि के रूप में सामने आ रही है.

इस पौधे की खूबियों को समझने के लिए हमने बात की आयुर्वेदाचार्य डॉ. अनिल मेहता, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के बॉटनी असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नितेश कुमार और आयुष फार्मेसी ऑफिसर हेमंत शर्मा से, जिनके इनपुट्स ने इस रहस्यमयी पौधे की परतें खोल दीं.

क्या है बिच्छू बूटी?

असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नितेश कुमार बताते हैं कि बिच्छू बूटी का वैज्ञानिक नाम Urtica Dioica है, जिसे आम भाषा में Stinging Nettle (कंडाली) भी कहा जाता है. हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों जैसे चंबा, मंडी, कुल्लू और किन्नौर में यह जंगली रूप में पाया जाता है.

क्यों चुभती है बिच्छू बूटी?

इसके पत्तों और तनों पर सूक्ष्म स्टाइंग हेयर्स (डंक जैसे रोएं) होते हैं. जिनमें Formic Acid, Histamine, Serotonin जैसे तत्व पाए जाते हैं. जब कोई इसे छूता है, तो यह त्वचा में जलन, सूजन और खुजली पैदा करते हैं. ठीक वैसा ही जैसे बिच्छू के काटने पर होता है, इसी कारण इसका नाम ‘बिच्छू बूटी’ पड़ा है.

Bichu Buti

छूने से क्यों होती है जलन?

असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नितेश कुमार बताया, “इसके पत्तों पर मौजूद नन्हे बालों में Formic Acid, Histamine, Serotonin जैसे रसायन होते हैं. ये त्वचा से टकराते ही प्रतिक्रिया करते हैं और जलन पैदा करते हैं. ये पौधे की रक्षा प्रणाली है.”

क्या गलत तरीके से इसका इस्तेमाल नुकसानदेह हो सकता है?

“बिलकुल, अधिक मात्रा में बिच्छू बूटी का सेवन करने पर दस्त, एलर्जी या त्वचा में खुजली हो सकती है. इसलिए इसकी मात्रा और प्रक्रिया का ध्यान रखना जरूरी है. जिनकी पाचन शक्ति कमजोर हो उन्हें इसकी मात्रा सीमित रखनी चाहिए और ड्राई स्किन वालों को भी इससे एलर्जी हो सकती है. इसलिए डॉक्टरों की सलाह जरूरी है.”

औषधीय गुणों से भरपूर एक चमत्कारी पौधा

असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नितेश कुमार के अनुसार यह पौधा Anti-Inflammatory, Analgesic, Diuretic और Blood Purifying गुणों से भरपूर होता है. इसकी खासियत यह है कि इसमें आयरन, विटामिन C, कैल्शियम और मैग्नीशियम प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं. यही वजह है कि इसे कई रोगों में उपयोग किया जाता है.

जनजातीय परंपराओं में इसका उपयोग

हिमाचल प्रदेश में जनजातीय समुदायों में इसका इस्तेमाल खाने और इलाज दोनों रूपों में होता रहा है. लोग इसकी कोमल पत्तियों की सब्जी बनाकर खाते हैं, जो आयरन की कमी को पूरा करने में मदद करती हैं. हालांकि प्रोफेसर नितेश चेतावनी देते हैं कि पत्तियों के परिपक्व (Mature) हो जाने के बाद इनका सेवन नहीं करना चाहिए.

आयुर्वेद में ‘बिच्छू बूटी’ की पहचान और उपयोग

आयुर्वेदाचार्य डॉ. अनिल मेहता बताते हैं कि आयुर्वेद में इसे Bichu Buti के नाम से ही जाना जाता है. यह जोड़ों के दर्द, त्वचा रोगों, मूत्र विकारों और खून की अशुद्धियों को दूर करने में सहायक है. इसका प्रयोग लेप, चूर्ण, क्वाथ, तेल और कैप्सूल के रूप में होता है. भीतर (internal) और बाहरी (external) दोनों तरह से इसका प्रयोग संभव है. जैसे की जोड़ों के दर्द में इसका तेल लगाया जाता है, जबकि रक्त शुद्धि के लिए इसका काढ़ा पिया जाता है. डॉ. मेहता सलाह देते हैं कि ड्राई स्किन वाले और कमजोर पाचन वाले लोगों को इसका सेवन सावधानी से करना चाहिए, क्योंकि इससे कभी-कभी दस्त भी लग सकते हैं.

Bichu Buti

आयुष विभाग की नजर में बिच्छू बूटी

“बिच्छू बूटी अस्थमा, कमर दर्द, जोड़ों के दर्द, भीतरी और बाहरी रक्तस्राव में औषधीय रूप से काफी प्रभावशाली है. इसके सूखे पत्तों का धूम्रपान कुछ अस्थमा मरीजों को राहत देता है. वहीं, पूरा पौधा प्रयोग करने से मांसपेशियों में दर्द और आर्थराइटिस जैसे मामलों में फायदा मिलता है.” – हेमंत शर्मा, आयुष फार्मेसी अधिकारी

क्या इसे रोजमर्रा जीवन में शामिल किया जा सकता है?

डॉ. मेहता और हेमंत शर्मा दोनों का मानना है कि यदि उचित मात्रा और सही विधि से प्रयोग किया जाए, तो बिच्छू बूटी को रोजाना डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है, लेकिन यह जरूरी है कि फ्रेश पत्तियों का ही सेवन किया जाए और पर्याप्त जानकारी या वैद्य की सलाह से ही प्रयोग किया जाए.

एक जरूरी चेतावनी

हालांकि बिच्छू बूटी का ये पौधा औषधीय है, लेकिन प्रोफेसर नितेश सावधान करते हुए बताते हैं कि गलत तरीके से सेवन या इसे टच करने पर यह एलर्जी या त्वचा में गंभीर जलन भी कर सकता है. इसलिए यह जरूरी है कि इसे पहचानें, इसके बारे में सीखें और समझदारी से प्रयोग करें.

डर से दवा तक का सफर

बचपन में जिससे डराया जाता था, वही पौधा आज हिमाचल की जैव विविधता और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति का अभिन्न हिस्सा बन गया है. बिच्छू बूटी का यह सफर ‘डर से दवा बनने तक’ विज्ञान, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत मेल है. बिच्छू बूटी एक ऐसा पौधा है, जिसे अगर डर की नजर से नहीं, ज्ञान और सावधानी के साथ देखा जाए, तो ये स्वास्थ्य के लिए वरदान बन सकता है.

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

नॉर्थ इंडिया पावरलिफ्टिंग 2026 में सोहबित राजपूत ने जीता रजत पदक

नॉर्थ इंडिया पावरलिफ्टिंग 2026 में सोहबित राजपूत ने जीता...

हिमाचल के निजी-सरकारी स्कूलों पर शिकंजा, शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश

हिमखबर डेस्क  हिमाचल प्रदेश के कई निजी स्कूलों सहित सरकारी...