
15 सितंबर को प्री नर्सरी टीचर भर्ती और एरियर पर फैसला लेगी सरकार
शिमला – नितिश पठानियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 सितंबर को मंडी आ रहे हैं, लेकिन इससे पहले कैबिनेट की बैठक शिमला में होगी। मुख्यमंत्री कार्यालय ने कैबिनेट के लिए 15 सितंबर का दिन रिजर्व किया है। यदि उस दिन बैठक हुई तो इसमें प्री नर्सरी टीचर भर्ती से लेकर जिला परिषद कर्मचारियों को नया वेतनमान, पंचायत चौकीदारों के लिए पॉलिसी से लेकर एरियर की दूसरी किस्त को लेकर चर्चा हो सकती है।
इंजीनियरिंग कालेज के टीचर्स को नए स्केल का मामला भी कैबिनेट में रखा जा सकता है। इस कैबिनेट में भी मुख्यमंत्री की फील्ड घोषणाओं पर मोहर लगेगी, ताकि इनकी नोटिफिकेशन जारी की जा सके। राज्य सरकार 75 साल के कार्यक्रम 24 सितंबर को प्रधानमंत्री के दौरे से पहले पहले खत्म करना चाहती है।
यही वजह है कि मुख्यमंत्री के दौरे अब और 30 होंगे और वह अगले तीन दिन शिमला में नहीं हैं। कैबिनेट में आउटसोर्स का मामला भी अभी लंबित है। हालांकि आउट सोर्स कैबिनेट सब -कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र सिंह का कहना है कि 15 सितंबर के बाद ही सब-कमेटी की बैठक होगी और उसके बाद कैबिनेट में मामला जाएगा।
कर्मचारियों को एरियर के भुगतान को लेकर भी कैबिनेट चर्चा करेगी। अब कर्मचारियों को लेकर भी फाइल लगभग तैयार है। पहली किस्त को लेकर आदेश कैबिनेट से पहले हो सकते हैं। फाइनांस सेक्रेटरी प्रबोध सक्सेना सोमवार को दिल्ली दौरे से वापस लौटेंगे और उसके बाद इस पर फैसला होगा।
मुख्यमंत्री ने 1000 करोड़ का भुगतान पहली किस्त में करने का ऐलान कर रखा है। पेंशनरों के लिए एरियर के भुगतान के समय एक सीलिंग लगाई जा रही है। इस बैठक का भी मुख्य मकसद मुख्यमंत्री की फील्ड घोषणाओं को लागू करना है।
