
कुल्लू – अजय सूर्या
किसी बस के समय से पहले ही प्रस्थान करने और इससे यात्रियों को परेशानी होने के मामले अकसर सुनने में आते हैं, लेकिन प्रदेश के सबसे पुराने कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट में जहाज ही समय से पहले उड़ गया। समय से पहले ही फ्लाइट उडऩे से एक हवाई यात्री को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा है।
उक्त वाकया रविवार को पेश आया, जब एक महिला यात्री को शिमला जाना था, लेकिन समय से पहले ही विमान के उडऩे से वह गंतव्य को जा नहीं पाई। नाराज महिला हवाई यात्री ने इसके खिलाफ शिकायत कर दी है।
भुंतर एयरपोर्ट के लिए हवाई सेवा देने वाली एलायंस एयर की इस हरकत से हवाई सेवा कंपनी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
सुमन नाम की एक महिला यात्री को शिमला जरूरी कार्य से जाना था। टिकट में फ्लाइट का उड़ान भरने का समय 9:40 बजे दर्ज था। महिला के अनुसार रविवार सुबह करीब नौ बजे एयरपोर्ट भुंतर पहुंची, तो वहां काउंटर पर हवाई सेवा प्रबंधन की टीम ने उनके साथ पहले बदसलूकी की।
वहीं स्टेशन मैनेजर ने बताया कि आप लेट हो गए हैं, फ्लाइट उड़ान भर चुकी है, अगली फ्लाइट सोमवार को है। वहीं यात्री ने एयरपोर्ट में हवाई कंपनी की पैसेंजर इंचार्ज पर भी उनके साथ बदतमीजी करने के आरोप लगाए। यात्री सुमन ने बताया कि कंपनी प्रबंधन अब किराए के रिफंड के बारे में भी जानकारी नहीं दे रहा है।
एलायंस एयर के स्टेशन प्रबंधक मनीष कुमार ने बताया कि यात्रियों को दो घंटा पहले एयरपोर्ट में पहुंचना जरूरी होता है, लेकिन महिला करीब एक घंटा पहले तक भी यहां नहीं पहुंच पाई थी, इस कारण उन्हे परेशानी हुई है, जिसका उन्हें भी अफसोस है।
भुंतर एयरपोर्ट के निदेशक नीरज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि हवाई सेवा कंपनी प्रबंधन से बात की जाएगी। भविष्य में इस प्रकार से कोई यात्री परेशान न हो, यह भी सुनिश्चित करवाया जाएगा।
