
कुल्लू – आदित्य
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पैराग्लाडिंग साइट डोभी में हुए हादसे में आरोपी पायलट को गिरफ्तार कर लिया गया है. हादसे में एक टूरिस्ट की मौत हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था.
अब मंगलवार देर शाम को पुलिस ने आरोपी पायलट को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि, आरोपी को जमानत मिल गई है.पुलिस ने पायलट के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे के 30 वर्षीय सूरज संजय शाह की हादसे में मौत हो गई थी. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव का परिजनों को सौंप दिया है.
डीएसपी हेडक्वार्टर मोहन रावत ने बताया कि पतलीकूहल पुलिस स्टेशन में शिकायत मिली थी कि डोभी में पैराग्लाइडिंग के दौरान पर्यटक की मौत हुई है. पुलिस पायलट के खिलाफ 366 ,304 ए आईपीसी में मामला दर्ज किया. आरोपी पायलट को गिरफ्तार करने के बाद बेल पर छोड़ा गया है.
क्या है पूरा मामला
बीते 24 दिसंबर की यह घटना है. उड़ान के दौरान ग्लाइडर की सेफ्टी बेल्ट खुल गई और टूरिस्ट के गिरने से मौके पर ही मौत हो गई.ऊंचाई से टूरिस्ट सेब के बागीचे में गिरा था. मृतक की पहचान सूरज (30) पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई थी. घटना में पायलट को भी चोटें आई थी.
सूरज अपने पांच दोस्तों के साथ कुल्लू और मनाली घूमने के लिए आया था. शनिवार को सभी पैराग्लाडिंग करने के लिए डोभी पहुंचे थे. साइट से उड़ान भरने के बाद पायलट ने डोभी साइट पर टेक ऑफ करना था. लेकिन टेक लेने के बाद थोड़ी देर बाद ही यह हादसा हो गया.
