
कांग्रसे ने 4 साल में 15 घर बनाए, पर डबल इंजन सरकार ने 10 हजार आशियानों का काम पूरा किया
भाजपा जो संकल्प लेती है, उसकी सिद्धि करके दिखाती
झूठे वादे करना, झूठी गारंटी देना, कांग्रेस की पुरानी तरकीब
50 साल कांग्रेस गरीबी हटाओ का नारा देकर सरकार बनाती रही
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए जनता से समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि पालमपुर में राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था। देवभूमि हिमाचल से ही राम मंदिर निर्माण संकल्प लिया था और आज वह हकीकत बन रहा है।
मुझे याद है कि हिमाचल की तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने केंद्र की योजनाओं को यहां चढऩे नहीं दिया, उन्हें लागू किया। मैं दिल्ली से योजनाएं भेजता था, पर कांग्रेस अड़ंगे लगा देती थी। हमने प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की और इसके लिए पैसे दिए।
राज्य सरकार का काम था कि वह इस पर काम करती, लेकिन 2014 से 2017 तक इतने बड़े हिमाचल में सिर्फ 15 घर बने। जैसे ही आप लोगों ने हिमाचल को डबल इंजन की सरकार दी, जयराम को यहां बिठाया। हमने दस हजार घरों पर काम शुरू कर दिया।
इसमेें आठ हजार से ज्यादा घर पूरे हो चुके हैं, जबकि बाकी पर काम चल रहा है और वह भी जल्द पूरे हो जाएंगे। अब आप तय कीजिए कि आपको कौन सी सरकार चाहिए। निर्णय आपको करना है, क्योंकि हम आपके लिए काम करने वाले लोग हैं। 2017 के बाद हिमाचल के विकास ने तेजी पकड़ी है।
देश के पहले मतदाता श्याम सरण नेगी को श्रद्धाजंलि दी
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले मंडी की भाजयुमो युवा रैली में मौसम खराब होने के कारण नहीं आ पाया था। मन में उसी दिन ठान लिया था की पहली चुनावी रैली में मंडी में जरूर जाऊंगा। मुझे उस दिन न आने की पीड़ा हमेशा रहेगी। इसके लिए आपसे क्षमा मांगता हूं।
देवभूमि से मेरा नाता इतने निकट रहा है की यहां आना बहुत होता था। निहरी की चढ़ाई भी चढ़ी है। कांगड़ा, मंडी, शिकारी की पहाड़ी भी पैदल मापी है। बीबीएमबी झील कैसे भूल सकता हूं। जब भी यहां आता तो चाय पीता था। दुकानदारों से गपशप मारता था। ठाकुर गंगा सिंह, दिले राम, दामोदर जी से बहुत कुछ सीखा।
देश के पहले मतदाता श्याम सरण नेगी के निधन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 106 वर्षीय श्याम सरण नेगी ने 30 से ज्यादा बार मतदान किया था। दुनिया को अलविदा कहने से पहले भी उन्होंने वोट डालकर अपना कर्तव्य निभाया।
श्याम सरण नेगी ने दो दिन पहले ही अपना कर्तव्य निभाया और पोस्टल बैलेट से मतदान किया। हर देशवासी, युवाओं और हर नागरिक को सदा सर्वदा उनसे प्रेरित होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि भावुक मन से श्याम सरण नेगी को श्रद्धाजंलि देता हूं और परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं।
