
ब्यूरो – रिपोर्ट
चंडीगढ़ के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मोहाली से अब पर्यटकों के लिए पहाड़ का सफर आरामदायक होगा। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने तीन वोल्वो बस सेवाएं चंडीगढ़ हवाई अड्डा से शिमला, मनाली और धर्मशाला के लिए शुरू की हैं।
इन बस सेवाओं को परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने चंडीगढ़ से हरी झंडी दिखाई। इन बसों के शुरू होने से हिमाचल के तीनों प्रमुख पर्यटन स्थलों के भ्रमण को आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को आरामदायक सफर की यात्रा मुहैया हो पाएगी।
परिवहन निगम की ओर से शुरू की गई वोल्वो बस सेवाओं में शिमला के लिए बस सुबह साढ़े छह बजे चलेगी और रात 10 बजे शिमला पहुंचेगी। इस रूट पर पर्यटक यात्रियों को 450 रुपये किराया अदा करना होगा।
वहीं मनाली के लिए सुबह 7:50 बजे बस चलेगी, जबकि सायं 6 बजे पहुंचेगी। इस रूट पर पर्यटक यात्रियों को 1172 रुपये किराया चुकाना है।
इसी प्रकार धर्मशाला के लिए बस दोपहर 2:30 बजे चलेगी और रात साढ़े 9 बजे पहुंचेगी। इस रूट पर पर्यटक यात्रियों को 818 रुपये किराया अदा करना होगा।
इन बस सेवाओं से पहाड़ पर पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी, क्योंकि अब हवाई अड्डा से ही पर्यटकों को लग्जरी बस सेवा मुहैया हो गई है।
वहीं अप्रैल माह की शुरुआत के साथ ही हिमाचल में पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है। जिसके चलते ये बस सेवा पर्यटकों के साथ-साथ शिमला, मनाली व धर्मशाला के पर्यटन कारोबार से जुड़े कारोबारियों के लिए भी लाभदायक सिद्ध होगी।
उधर, एचआरटीसी धर्मशाला के डीडीएम पंकज चड्ढा के मुताबिक परिवहन निगम ने चंडीगढ़ हवाई अड्डा से तीन वोल्वो बस सेवाएं शुरू की हैं, जो शिमला, मनाली और धर्मशाला रूटों पर दौड़ेंगी। पर्यटकों को भी आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी।
पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों का रुख अधिक धर्मशाला समेत मनाली व शिमला के लिए रहता है। जिससे उन्हें लाभ मिलेगा। इन बस सेवाओं को परिवहन मंत्री ने चंडीगढ़ से हरी झंडी दिखाई है।
