
चम्बा- भूषण गुरुंग
पठानकोट-चंबा-भरमौर एनएच पर अब यातायात सुरक्षित होगा। कटोरी बंगला से बालू तक मार्ग पर ब्लैक स्पाट को सुधारने सहित क्रैश बैरियर लगाने का कार्य शुरू हो गया है। करीब 25 करोड़ कटोरी बंगला से लेकर बालू तक ब्लैक स्पाट को सुधारने के साथ ही डंगे व क्रैश बैरियर लगाने पर खर्च किए जाएंगे। यह काम शिवम एंटरप्राइसेस कंपनी को सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि कटोरी बंगला से लेकर बालू तक राष्ट्रीय राजमार्ग की दूरी करीब 67 किलोमीटर है। यहां पर चंबा की तरफ से परेल घार के समीप, इससे आगे चेहली फिर कांदू के अलावा अन्य स्थानों पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। जब भी एनएच पर वाहन अनियंत्रित होता है तो गहरी खाई में समा जाता है। क्योंकि अब तक मार्ग के कई हिस्सों पर क्रैश बैरियर की व्यवस्था नहीं हो पाई थी।
गंडियारा से चंबा की ओर कई स्थानों पर मार्ग इतना तंग है कि बड़े वाहन को वहां से गुजारना किसी चुनौती से कम नहीं है। मार्ग पर पड़े बड़े-बड़े गड्ढे भी दुर्घटना को न्योता देते नजर आते हैं। लेकिन अब एनएच प्राधिकरण की ओर से यातायात को सुरक्षित करने की दिशा में कार्य शुरू करवा दिया गया है।
पठानकोट की सीमा के साथ लगते कटोरी बंगला से लेकर जिला चंबा के उपमंडल मुख्यालय भरमौर तक मार्ग को एनएच का दर्जा दिया गया है। वर्तमान में एनएच पर जगह-जगह कटाई का कार्य चल रहा है। कटाई का कार्य पूरा होने के बाद एनएच प्राधिकरण की ओर से जहां नालियों का निर्माण किया जा रहा है वहीं कोलतार भी बिछाई जा रही है। कई स्थानों पर कोलतार बिछाने व मार्ग को चौड़ा करने के साथ ही क्रैश बैरियर भी स्थापित किए जा चुके हैं।
क्या कहते है संजीव महाजन, अधिषाशी अभियंता एनएच मंडल चंबा
कटोरी बंगला से लेकर बालू तक एनएच पर ब्लैक स्पाट को सुधारने, क्रैश बैरियर लगाने सहित मार्ग की हालत को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य शुरू करवा दिया गया है। कोशिश यही है कि जल्द से जल्द उक्त कार्य को पूरा करवाया जाए।
