
ऊना- अमित शर्मा
ऊना शहर में नकली पंजाब पुलिस के कर्मी बनकर इनोवा गाड़ी में सवार शातिर एक व्यक्ति से दो लाख रुपये छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित अशोक कुमार पुत्र सुरिन्द्र जीत गांव वीनेवाल तह गढ़शंकर जिला होशियारपुर पंजाब ने दो लाख रुपये छीनने को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ सिटी पुलिस चौकी ऊना में शिकायत दर्ज करवाई है।
पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी कि जिस गाड़ी में सवार होकर आरोपित आए थे। उसका नंबर पीवी-11 ही पढ़ा गया था। इसकी पुष्टि जिला के एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने की है। उन्होंने कहा इस संबंध में वारदात स्थल से लेकर मुबारिकपुर चौक तक के क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जाएगा। उन्होंने कहा ऊना के पेट्रोल पंप से स्विफ्ट कार वाले व्यक्ति की तलाश भी की जाएगी।
जानकारी के अनुसार अशोक कुमार पुत्र सुरिन्द्र जीत की गांव वीनेवाल में करियाना की दुकान है। 28 अक्टूबर को उसके एक दोस्त कश्मीर सिंह निवासी मलको वाल ने जानकारी दी कि किसी कर्नल का फोन आया और कैंटीन का माल पक्के बिल पर व्यापारियों को बेचने की बात कह रहा है। जब उसने फोन पर बातचीत की तो उसे ऊना कैंटीन के बाहर बुलाया।
जब वह ऊना शहर में पहुंचा तो अम्ब रोड पर बुलाया। अम्ब रोड पर एक पेट्रोल पंप के बाहर एक व्यक्ति ने अपनी स्विफ्ट कार में बैठाया और सामान दिखाने की बात करते हुए अम्ब मार्ग की तरफ जाने लगे। जैसे ही उनकी कार लालसिंगी पुल के पास पहुंची तो पीछे से एक इनोवा गाड़ी आई जिसमें पांच लोग सवार थे। उसमें वर्दी पहने एक व्यक्ति नीचे उतरा और उसे अपने साथ बैठाकर ले गए। गाड़ी में बैठाते ही रुपये के भरे बैग को ले लिया।
मुबारिकपुर चौक में पहुंचने पर उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया और रुपयों से भरे बैग को लेकर फरार हो गए। इसके बाद दोबारा एक नंबर से फोन आया कि कुछ समय के लिए रुक जाओ और अभी रुपये देकर जाते हैं। इसके बाद आरोपितों ने अपने फोन नंबर भी बंद कर लिए।
इसके बाद पीड़ित अशोक कुमार किसी तरह से ऊना सिटी पुलिस चौकी में पहुंचा। यहां पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। सिटी पुलिस चौकी प्रभारी जगवीर सिंह ने बताया पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
