
काँगड़ा/ज्वालामुखी – हिमखबर टीम
देश-विदेश में अपने गानो की छाप छोड़ चुके पंजाबी गायक मास्टर सलीम ने गुरुवार को अपने परिवार सहित शक्ति पीठ माता श्री ब्रजेश्वरी मंदिर, विश्व विख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में माता के दर्शन कर माथा टेका और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर पुजारी वर्ग द्वारा उन्हें माता की चुनरी देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर उन्होंने अपनी मशहूर भेंट प्रस्तुत कर उपस्थित श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भक्ति के रंग में रंग दिया। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हिमाचल व हिमाचल वासियों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि जहां हिमाचल में आकर देवियों के दर्शन कर मन को सुकून मिलता है, वही हिमाचलियों के प्यार से हौसला बढ़ता है।
सलीम ने कहा कि हमें खुशी है कि आज पंजाबी संगीत ने देश विदेश में अपना जो मुक़ाम हासिल किया है, उसके बाद बालीवुड व हालीवुड की फि़ल्मों में भी पंजाबी गायकों की ज़रूरत पड़ रही है। उन्होंने कहा कि यह अलग बात है की कुछ लोग हिट होने के चक्र में अपनी संस्कृति को दाव पर लगा रहे है, लेकिन मैंने कभी भी अपने संगीत में किसी तरह की अश्लीलता नही परोसी।
उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला का इस तरह से चले जाना संगीत की दुनिया को बहुत बड़ा नुक़सान है उनके गाने हमेशा सुने जाएंगे। इस मौक़े पर उनके चाहने वालों की काफ़ी भीड़ लगी रही ओर उन्होंने अपने प्रशंसको को माता की भेंट सुनाकर उनका अभिभादन किया।
