
शिमला, 16 दिसंबर – नितिश पठानियां
अटल टनल रोहतांग में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका लगाने के विवादों के बीच हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया के माध्यम से जाहिर की है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को करीब 10:30 बजे सोशल मीडिया पर दो लाइनों के कैप्शन के साथ अटल टनल रोहतांग की एक फोटो को पोस्ट किया, जिस पर लिखा था “न अटल टनल का नाम बदलेगा न पट्टिका हटेगी, लेकिन रोहतांग टनल का शिलान्यास करने वालों की पट्टिका भी जरूरी लगेगी।”
इन तमाम विवादों के बीच मनाली प्रशासन आज कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के नाम की शिलान्यास पट्टिका स्थापित कर देगा।
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की इस प्रतिक्रिया ने काफी हद तक विपक्ष को यह बताने का प्रयास किया है कि वह बदले की भावना से कार्य नहीं कर रहे हैं बल्कि जो उचित है उसी पर निर्णय ले रहे है।
दरअसल, हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी के नाम की शिलान्यास पट्टिका को लगाने के आदेश जारी कर दिए। कांग्रेस का आरोप था कि भाजपा सरकार ने शिलान्यास पट्टिका को हटा दिया था।
हालांकि भाजपा (BJP) भी इस पर अपनी सफाई देती नजर आई। लाहौल स्पीति के पूर्व विधायक एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री रामलाल मार्कंडेय ने यह कह दिया था कि अटल टनल अटल बिहारी वाजपेई की देन है। लिहाजा यहां किसी अन्य के शिलान्यास पट्टिका को लगाना उचित नहीं।
