निजी होटल में कुक के तौर पर कार्य करने वाले एक व्यक्ति की अज्ञात कारणों से मौत
चम्बा – भूषण गुरुंग
बनीखेत के एक निजी होटल में कुक के तौर पर कार्य करने वाले एक व्यक्ति की अज्ञात कारणों से मौत हो गई। इस बारे में होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचित किया।
मरने वाले की पहचान रमेश कुमार पुत्र मिल्खो राम निवासी गांव सैला डाकघर बनेट तहसील भटियात जिला चंबा के रूप में हुई है। रमेश बुधवार रात होटल के किचन का कामकाज निपटाकर अपने कमरे में सोने चला गया था।

रमेश कुमार रोज सुबह जल्दी उठ जाता था, लेकिन वीरवार सुबह वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया। होटल स्टाफ व होटल संचालक ने किसी तरह से कमरे का दरवाजा खोला और अंदर जाकर देखा तो रमेश कुमार बिस्तर पर अचेत पड़ा हुआ था।
होटल संचालक ने इस संबंध में तुरंत पुलिस व रमेश कुमार के स्वजन को सूचना दी, जिस पर पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो रमेश कुमार को मृत पाया।

पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आवश्यक कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु नागरिक अस्पताल डलहौजी पहुंचाया।
रमेश कुमार की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी अब पत्नी के कंधों पर आ गई है। डीएसपी डलहौजी हेमंत ठाकुर ने कहा कार्यवाही अमल में लाई गई है।

