
व्यूरो रिपोर्ट
जूनियर आफिस असिस्टेंट (जेओए) का प्रश्नपत्र सुबह 8.20 बजे ही ऊना व कुल्लू में अभ्यर्थियों तक पहुंच गया था। इसे मंडी जिले के निजी बीएड कालेज के उपप्राचार्य ने लीक किया था। उसने प्रश्न पत्र ऊना में परिचित को भेजा था।
वहां युवती (अभ्यर्थी) से सवा लाख रुपये में डील हुई थी। युवती ने पैसे का भुगतान नहीं किया था। अब जेओए परीक्षा भी रद हो सकती है। विशेष जांच दल (एसआइटी) ने उपप्राचार्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।
वहीं, आज सुबह निजी संस्थान के उपप्राचार्य के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गई है। सूत्रों के अनुसार कुल्लू में भी कुछ अभ्यर्थियों तक पहले ही पहुंच गया था।
जेओए की लिखित परीक्षा दो मई को दिन में 11 से दोपहर एक बजे तक हुई थी। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले सीसीटीवी कैमरे, ड्यूटी पर तैनात तीन कर्मचारियों व दो अभ्यर्थियों की उपस्थिति में प्रश्नपत्र खोला जाता है। उपप्राचार्य ने इसे समय से पहले ही खोल दिया। एसआइटी उपप्राचार्य से पूछताछ कर उसकी मंशा जानने का प्रयास कर रही है।
सुंदरनगर के एक निजी महाविद्यालय में स्टाफ की मिलीभगत से एक अभ्यर्थी नकल करते पकड़ा था। इसके बाद जेओए की परीक्षा विवादों के घेरे में आ गई थी।
निजी महाविद्यालय में प्रश्नपत्र एक अभ्यर्थी को नकल करवाने की मंशा से लीक किया गया था या नहीं, एसआइटी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। निजी संस्थान के उपप्राचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
