नाहन, 8 दिसंबर – नरेश कुमार राधे
शहर में कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के समीप से ‘‘अजगर’’ को रेस्क्यू कर लिया गया है। एक लंबे अरसे से रिहायशी इलाके में ये अजगर खौफ का सबब बना हुआ था। लेकिन किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। कई मर्तबा साइट तो हुआ, लेकिन इसे पकड़ा नहीं जा सका था।
शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम को अजगर के साइट होने की सूचना मिली। चूंकि, ये अजगर सैनिक कल्याण बोर्ड भवन के डंगे के आसपास ही मौजूद था, लिहाजा सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक दीपक धवन भी रेस्क्यू टीम का हिस्सा बन गए।
वन विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। लगभग दो-अढ़ाई घंटे की कड़ी मशक्कत से अजगर को सुरक्षित पत्थरों के बीच से निकाल लिया गया। अजगर की लंबाई 4 से 5 फुट के बीच बताई गई। रेस्क्यू करने के बाद वन विभाग की टीम ने करीब 5 से 7 किलोमीटर दूर जड़जा के जंगल में अजगर को रिलीज कर दिया।

