चम्बा – भूषण गुरुंग
नशे में धुत्त मिले स्कूल प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय की ओर से रिपोर्ट आने के बाद यह कार्रवाई की गई है। अब सात दिन के भीतर स्कूल प्रभारी को अपना पक्ष रखना होगा।
निदेशालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि अगर स्कूल प्रभारी सात दिनों के भीतर जवाब नहीं देता है या फिर जवाब संतुष्टि भरा नहीं पाया जाता है तो निदेशालय की ओर से एक तरफा कार्रवाई की जाएगी।

इसके तहत प्रभारी को सस्पेंड भी किया जा सकता है। इंक्रीमेंट पर भी रोक लग सकती है। जानकारी के अनुसार उक्त स्कूल में तैनात स्कूल प्रभारी नशे की हालत में था। इस मामले की सूचना जब ग्रामीणों को लगी तो जनजातीय क्षेत्र भरमौर के विधायक को सूचित किया गया।
विधायक ने इस मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग के अफसरों को सूचना दी और इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने के आदेश दिए। विभाग की ओर से रिपोर्ट मांगी गई। जिसे निदेशालय भेजा गया। रिपोर्ट मिलने के बाद अब प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने कार्रवाई करना शुरू कर दिया है।
इसके तहत अब कारण बताओ नोटिस शिक्षक को जारी किया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी स्कूल प्रभारी नशे में रहता था। कुल मिलाकर अब इस मामले में जवाब आने के बाद भी आगामी कार्रवाई निदेशालय द्वारा की जाएगी।

कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुमन कुमार मिन्हास के बोल
कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक सुमन कुमार मिन्हास ने बताया कि स्कूल प्रभारी को निदेशालय की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। सात दिन के भीतर स्कूल प्रभारी को अपना पक्ष रखना होगा। इसके बाद निदेशालय की ओर से अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

