धर्मशाला – राजीव जस्वाल
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में वनडे वल्र्ड कप के पांच मुकाबले खेले जाना प्रस्तावित है। धर्मशाला में होने वाले पांच एकदिवसीय क्रिकेट मैचों में दो मैच डे-नाईट यानी दोपहर बाद दो बजे से रात तक खेले जाएंगे। वहीं, तीन मुकाबले डे यानी दिन में सुबह साढ़े 10 बजे से शाम तक खेले जाएंगे।
वल्र्ड कप के धर्मशाला में डे-नाईट मुकाबलों में भारत व न्यूजीलैंड के बीच 22 अक्तूबर को हाई वोल्टेज मुकाबला दोपहर दो बजे से डे-नाईट खेला जाएगा, जबकि 17 अक्तूबर को साउथ अफ्रीका-नीदरलैंड डे-नाईट मैच खेलेगी। इसके अलावा अन्य दिन में खेले जाने वाले मुकाबलों में सात अक्तूबर को बांग्लादेश-अफगानिस्तान डे, 10 अक्तूबर को इंग्लैंड-बांग्लादेश सुबह 10:30 बजे से डे और 28 अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड के बीच भी दिन को ही मुकाबला होगा।
ऐसे में आईसीसी की ओर से शेड्यूल जारी होने के बाद अब धर्मशाला में होने वाले वल्र्ड कप के मुकाबलों को लेकर भी पूरी तरह से स्थिति स्पष्ट हो गई है। भारत और पाकिस्तान के नरेंद्र मोदी स्टेडियम अहमदाबाद में 15 अक्तूबर के मैच शेड्यूल में हुए बदलाव के चलते धर्मशाला के शेड्यूल में भी फेरबदल हुआ है।
इसके चलते अब धर्मशाला में दस अक्तूबर को इंग्लैंड व बांग्लादेश का जो मैच डे एंड नाइट खेला जाना था, वो अब सुबह साढ़े 10 बजे से खेला जाएगा। भारत-पाकिस्तान के 14 अक्तूबर को होने वाले मैच से पहले पाक टीम को पर्याप्त समय देने के लिए उनके मैच के शेड्यूल में बदलाव हुआ है।
इसमें हैदराबाद में 11 अक्तूबर को होने वाला पाक बनाम श्रीलंका मुकाबला अब 10 अक्तूबर को खेला जाएगा। इसके चलते ही बांग्लादेश-इंग्लैंड धर्मशाला मैच को सुबह साढ़े 10 बजे से ही आयोजित किया जाएगा।

तारीख देश समय
07 अक्तूबर बांग्लादेश-अफगानिस्तान 10:30
10 अक्तूबर इंग्लैंड-बांग्लादेश 10:30
17 अक्तूबर साउथ अफ्रीका-नीदरलैंड 2 बजे से
22 अक्तूबर भारत-न्यूजीलैंड 2 बजे से
28 अक्तूबर ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड 10:30
एचपीसीए की तैयारियां जोरों पर
क्रिकेट के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है, जब पूरा वल्र्ड कप भारत में खेला जाएगा। वहीं हिमाचल प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में इस बार पांच मुकाबले खेले जाएंगे। इसके लिए एचपीसीए की ओर से भी पहले ही तैयारियां की जा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय मैचों का बेहतरीन तरीके से आयोजन करवाए जाने के लिए विदेशी पिचों की तर्ज पर बारमूडा घास व सव-एयर सिस्टम स्थापित किया गया है।

