हिमखबर डेस्क
पुलिस थाना मैक्लोडगंज के अंतर्गत एक निजी होटल से विदेशी का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान डेनमार्क निवासी 65 वर्षीय पीटर एंडरसन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मृतक बीमार था और दवाइयों का सेवन करता था। आशंका जताई जा रही है कि हॉर्ट अटैक से विदेशी की मौत हुई है। घटना की सूचना मिलने पर मैक्लोडगंज पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला भेज दिया गया है। मामला सामने तब आया जब मृतक का दोस्त उसे फोन कर रहा था, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर मृतक के दोस्त ने होटल के प्रबंधक को फोन किया।
इस पर प्रबंधक ने जाकर एंडरसन के कमरे की घंटी बजाई, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने मृतक के मोबाइल पर भी संपर्क करना चाहा, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद प्रबंधक ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर मृतक के शरीर पर कोई भी निशान नहीं पाए गए हैं।
एएसपी हितेश लखनपाल के बोल
उधर, एएसपी हितेश लखनपाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर जोनल अस्पताल भेज दिया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

