
पुरानी बिल्डिंग्स को गिराकर बनाए जा रहे नए भवन, हास्पिटल में लगाई जा रही नई लिफ्ट
धर्मशाला- राजीव जस्वाल
अपनी दयनीय हालत पर आंसू बहाने वाले धर्मशाला अस्पताल के अब अच्छे दिन आ गए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में बेहतरीन पार्किंग-नई लिफ्ट व अन्य सभी मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर करवाए जा रहे हैं। सिकुड़ चुके पार्किंग एरिया का टाइल बिछाकर विस्तार किया जा रहा है।
वहीं अस्पताल में जल्द ही जंग लगी पुरानी लिफ्ट के स्थान पर नई लिफ्ट और इलेक्ट्रिक वर्क भी किया जाएगा। अस्पताल पुराने जर्जर हो चुकी इमारतों को हटाकर नई ईमारतें बनाई जा रही हैं। इसके साथ ही कोरोना के समय में जिला कोविड अस्पताल बनाए जाने के लिए कई प्रकार की टेंपरेरी व्यवस्था की गई थी, उन्हें भी दुरुस्त किए जाने के लिए 57 लाख के बजट से सुधार कार्य किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही मरीजों के लिए राहत भरी खबर यह है कि लाखों रुपए के बजट से अब जंग खा रही पुरानी लिफ्ट को बदल दिया जाएगा। अस्पताल के आईपीडी में दो लिफ्ट चल रही हैं, जिसमें एक ही हालत पूरी तरह से दयनीय बनी हुई है। ऐसे में उक्त लिफ्ट को बदलकर नई लिफ्ट लगाई जाएगी। जबकि दूसरी लिफ्ट में भी मरम्मत कार्य किया जाएगा।
इसके अलावा जोनल हॉस्पिटल धर्मशाला की इलेक्ट्रिकल तारें बहुत अधिक खराब हो चुकी थी। कुछ समय पहले सीएमओ कार्यालय भवन की ईमारत में शॉट सर्किट के कारण आग भी भड़की थी। ऐसे में अब पूरे अस्पताल की तारों को बदल कर नई तारें बिछाई गई हैं।
हास्पिटल में हर मरीज का अलग बेड
धर्मशाला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों को अब बेहतर सुविधा देने के लिए हर वार्ड में बेड के चारों ओर पर्दे लगा दिए गए हैं। जिससे मरीज को एक तरह से अपना केविन मिल जाएगा। जिसमें आसानी से इलाज किया जा सकेगा, वहीं प्राइवेसी भी बनी रहेगी। स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अभी कुछ वार्डों में यह सुविधा प्रदान की गई है।
डा. अजय दत्ता, एसएमओ एवं कार्यकारी एमएस के बोल
अस्पताल में सिविल मरम्मत कार्य, पार्किंग निर्माण, इलेक्ट्रिकल वर्क व नई लिफ्ट को लेकर बजट अप्रूव हो गया है। जिसे लेकर अब कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही कार्य पूरा कर सभी मरीजों व तीमारदारों को सुविधा प्रदान की जाएगी।
