
वन मंत्री ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत।
नूरपुर – स्वर्ण राणा
स्थानीय श्री बृजराज स्वामी मंदिर का दो दिवसीय राज्य स्तरीय जन्माष्टमी महोत्सव शुक्रवार को देर शाम जसूर में संपन्न हुआ जिसमें वन, युवा सेवाएं एवम खेल मंत्री राकेश पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। गौरतलब है कि इस महोत्सव का गत वीरवार को प्रदेश के राज्यपाल ने शुभारंभ किया था।
वन मंत्री ने लोगों को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व भगवान श्री कृष्ण को समर्पित है, जिन्होंने मानवता के कल्याण के लिए हमें गीता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं हमेशा प्रासंगिक रही हैं और हमें अपने दैनिक जीवन में इन शिक्षाओं का अनुसरण करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शोभा यात्रा तथा कार्यक्रमों से इस महोत्सव को एक नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में जनता के सहयोग से इस महोत्सव को प्रदेश के अन्य बड़े आयोजनों के बराबर का दर्जा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे ताकि धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से नूरपुर को विश्व मानचित्र पर अपनी अलग पहचान मिल सके।
वन मंत्री ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों के साथ-साथ लोगों का भी आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर न्यू युवा कृष्णा क्लब जसूर के सदस्यों ने वन मंत्री को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर ललित परफॉर्मिंग आर्टस, मथुरा के कलाकारों तथा वीवीएम इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग के अलावा अन्य बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण के भव्य रूपों को दर्शाया तथा अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियों से समारोह को भक्तिमय बना कर खूब तालियां बटोरी।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष एवम एसडीएम श्री अनिल भारद्वाज, वन मंत्री की धर्मपत्नी वंदना पठानिया, एएसपी सुरिंद्र शर्मा, तहसीलदार सुरभि नेगी, प्रशासन के अधिकारी, न्यू युवा कृष्णा क्लब जसूर के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
