चम्बा – भूषण गुरुंग
दिनांक 25.05.2024, 26.05.2024 व 27.05.2024 को सिहुन्ता तहसील की ग्राम-पञ्चायत सिहुन्ता के मलाहड़ा गाँव में आध्यात्मिक-उन्मीलन परिषद् द्वारा त्रि-दिवसीय योग शिविर का आयोजन कराया गया। जिसमें पतञ्जलि योग पीठ हरिद्वार की ओर से भारत के युवाओं को समर्पित संगठन युवा भारत के केन्द्रीय केन्द्रीय प्रभारी श्रद्धेय स्वामी संकल्प देव जी द्वारा क्षेत्र के युवाओं को योग एवं प्राणायम के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वस्थ रहने के तरीके बताए।
साथ ही, उन्होंने युवाओं में बढ़ रही नशे की कुप्रवृत्तियों से बचने और जीवनी शक्ति के मूल हेतु वीर्य (बल) की रक्षा के उपाय भी युवाओं को बताए तथा एक स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए ब्रह्म मुहूर्त्त में जगने का महत्व भी समझाया।
इस शिविर में स्वामी संकल्प देव जी की प्रेरणाओं से प्रेरित होकर मलाहड़ा गाँव के नागरिकों ने राष्ट्र के नव-निर्माण के पुनीत कार्य में योगदान करने की शुद्ध भावना से सुबह ब्रह्म-मुहूर्त्त में जगने और प्रतिदिन योग एवं प्राणायम का नियमित सत्र शुरू करने का विचार परस्पर चर्चा किया।
इस त्रि-दिवसीय योग सत्र का आयोजन आध्यात्मिक-उन्मीलन परिषद् हिमाचल प्रदेश के सदस्य Dr. राहुल शर्मा द्वारा कराया गया जिसमें उनके सहयोगियों अनूप कुमार, नीरज कुमार, अभय ठाकुर, आदर्श पण्डित, कृश धीमान्, मनोज कुमार, Happu, पारस, दाणू, मन्नत, सत्यम्, शिवांगी, मानवी, सिम्पू, पंकज, विकास राज, ररवीन्द्र कुमार इत्यादि बच्चों एवं युवाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
त्रि-दिवसीय योग शिविर के पहले दिन राजकीय माध्यमिक विद्यालय पञ्जला और राजकीय उच्च विद्यालय सरोग में भी विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, भारतीय जीवन शैली व भारतीय विद्याओं के मूल स्रोत वेद-उपनिषद् आदि के बारे में संक्षिप्त जानकारी देते हुए अपने आदर्श पुरुषों की पहचान बताई गई और चरित्र निर्माण, नशे से बचना, योग एवं प्राणायम का नियमित अभ्यास करना इत्यादि जीवनोपयोगी बातों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
योग सत्र के दौरान भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म के विषय में भी विशेष चर्चा की गई जिसे क्षेत्र के लोगों ने भावी पीढ़ी के उज्जवल भविष्य के लिए अति आवश्यक बताया।
इस दौरान स्वामी संकल्प देव जी ने मोतला में श्रीदेवराज जी के घर, समोट के भटका गाँव में श्रीविक्रम कौशल जी के घर, न्याईं में श्रीपञ्जू राम जी के घर, झिकला मलाहड़ा में श्रीसुभाष धीमान् जी के घर जन-जागरण हेतु प्रवास किया और लोगों को भारतीय जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया तथा घरों में अपने-अपने बच्चों को गीता, रामायण, महाभारत, वेद, उपनिषद् आदि भारतीय ग्रन्थों का अध्ययन कराने की प्रेरणा दी।
रविवार के दिन अवकाश होने पर पण्डित अश्विनी कुमार शर्मा जी ने अपने घर मलाहड़ा में ककरोट्टी-घट्टा गाँव के विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों को अपने घर बुलाकर स्वामी संकल्प देव द्वारा उन्हें चरित्र निर्माण, भारतीय संस्कृति, सनातन धर्म के विषय में जीवनोपयोगी मार्गदर्शन दिलाया।
गाँव के लोगों ने Dr. राहुल शर्मा से इस प्रकार के आयोजन बार-बार कराते रहने का अनुरोध करते हुए बताया कि इससे उनके बच्चे सुबह ब्रह्म मुहूर्त्त में उठकर घर से बाहर उत्साह पूर्वक निकलने लगे हैं जबकि इससे पहले वे देर तक सोए रहते थे।
इस त्रि-दिवसीय योग शिविर के अन्तिम सत्र के दौरान लोक कल्याण के लिए भगवती चामुण्डा देवी मन्दिर कुठारा में यज्ञ का आयोजन किया गया तथा युवा भारत संगठन की तहसील कार्यकारिणी का भी गठन किया गया जिसमें श्रीनीरज कुमार को तहसील प्रभारी, अभय ठाकुर को सह तहसील प्रभारी का दायित्व दिया गया।
आध्यात्मिक-उन्मीलन परिषद् के उपाध्यक्ष श्रीगायत्री दत्त, सचिव श्रीकुशल गर्ग, कोषाध्यक्ष श्रीबलदेव सिंह जी और सदस्य Dr. राहुल शर्मा के अनथक प्रयासों को प्रोत्साहित करते हुए परिषद् के अध्यक्ष श्रीकृष्ण देव ठाकुर ने परिषद् की ओर से पतञ्जलि योग पीठ हरिद्वार के संगठन युवा भारत को राष्ट्र धर्म की सेवा में 11000/- रुपए सहयोग स्वरूप देने की घोषणा की तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए सभी गाँव वासियों का धन्यवाद किया।

