ताला न टूटने पर बांस से ऊपर चढ़ा चोर, सीसीटीवी में आया नजर, अंदर जाकर मारा मोटा हाथ
हमीरपुर हिमखबर डेस्क
जिला में चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही हैं। अब चोर ने व्यवसायिक प्रतिष्ठान को निशाना बनाया है। जिला मुख्यालय से कुछ किलोमीटर की दूरी पर बड़ू क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने रेस्टोरेंट में चोरी के साथ साथ अन्य दुकान में चोरी का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाया।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले एक दुकान में ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाया। इसके बाद साथ लगते रेस्टोरेंट में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
रेस्टोरेंट मालिक ने बताया कि रेस्टोरेंट की ऊपरी मंजिलों का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण कार्य के लिए इस्तेमाल की जा रही बांस की लकड़ियों के सहारे चोर ऊपर चढ़ा और खिड़की से अंदर घुस गया। इसके बाद उसने कैश काउंटर पर जाकर 18 हजार और रेस्टोरेंट ऑफिस से एक लाख रुपये की नगदी निकाल ली। इसके बाद एक काजू का पैकेट और साथ में रेड बुल की बोतलें उठाकर निकल गया। इसके बाद उसने एक और जगह चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन ताला नहीं टूट पाया।
![]()
सीसीटीवी में नजर आई हरकत
सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा है कि एक युवक पहले सड़क के साथ लगे दुकान के शटर को तोड़ने का प्रयास करता है, लेकिन फिर कामयाब नहीं हो पाता। फिर यहां वहां देखने के बाद रेस्टोररेंट की तरफ चला जाता है। दूसरी सीसीटीवी फुटेज में चोर रेस्टोरेंट के डाइनिंग हॉल में अंदर खिड़की से घुसता हुआ नजर आता है। यहां से वो सीढ़ियों के जरिए नीचे उतरता है और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ होकर इसी रास्ते से वापस लौट जाता है।
रेस्टोरेंट प्रबंधक अशोक धमीजा के बोल
रेस्टोरेंट के प्रबंधक अशोक धमीजा ने बताया कि ‘हमारे रेस्टारेंट के अंदर रात साढ़े बारह बजे चोर ने खिड़की से घुस कर चोरी को अंजाम दिया और एक लाख 18 हजार के कैश पर हाथ साफ किया है। वहीं, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में चोर मुंह ढके नजर आ रहा है।
एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर के बोल
वहीं, एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि ‘चोरी का मामला दर्ज किया गया है और मामले में उचित कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। सदर थाना हमीरपुर थाना प्रभारी को दिशा निर्देश दिए गए हैं कि मामले में गहनता से जांच की जाए।

