
चम्बा – अनिल संबियाल
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले की ग्राम पंचायत दियोला में छत से नीचे गिरकर घायल हुए युवक को दो किलोमीटर पालकी में उठाकर सड़क तक पहुंचाना पड़ा। डेढ़ माह से गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग बंद पड़ा हुआ है। इससे ग्रामीणों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है।
ऐसे में जब युवक घर की छत से नीचे गिरने से घायल हुआ तो उसे परिजन और ग्रामीण पालकी में उठाकर अस्पताल की तरफ निकल पड़े। जेरा गांव से शॉर्ट कट रास्ते से करीब दो किलोमीटर पालकी में उठाकर उसे परियोजना की सड़क तक पहुंचाया गया।
यहां से आगे घायल को निजी वाहन के जरिये उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया। ग्रामीणों हंसराज, कमल कुमार, चेत राम, मनोज कुमार, सुनील कुमार और टेक चंद ने बताया कि दियोला की बग्गा-कुठेड़-कुंडोलू सड़क पर डेढ़ माह से यातायात बंद पड़ा है।
