मणिमहेश यात्रा के दौरान लापता हो गए थे भानी दास शर्मा, पुलिस की तलाश जारी
चम्बा – भूषण गुरुंग
मणिमहेश यात्रा के दौरान लापता हुए उपायुक्त किन्नौर अमित कुमार शर्मा के पिता भानी दास शर्मा का एक सप्ताह बाद भी सुराग नहीं मिला है। भानी दास शर्मा अपने साथियों के साथ मणिमहेश की यात्रा पर निकले थे। उनकी उम्र 67 वर्ष है और दस सितंबर को अपने समूह से बिछड़ गए थे। उन्हें आखिरी बार 11 सितंबर को सुंदरासी में देखा गया था।
भानी दास शर्मा को अल्जाइमर (भूलने की समस्या) है। उनके पास मौजूद बैग अमृतसर से बरामद हुआ है, इस बैग में उनका फोन भी था। बैग को कोई लंगर समिति का सदस्य अपने साथ ले गया। इस पूरे मामले पर चंबा और भरमौर प्रशासन पूरी छानबीन में जुटा है। मणिमहेश और भरमौर में सीसीटीवी खंगाले हैं, लेकिन कहीं भी सुराग नहीं मिल पाया है।

गौरतलब है कि मणिमहेश यात्रा पर आने वाल श्रद्धालुओं के पंजीकरण के लिए चंबा प्रशासन ने कई चुवाड़ी से हड़सर तक कई जगह नाके लगाए थे। इन नाकों में मणिमहेश जाने वालों को पंजीकृत किया जा रहा था, लेकिन मणिमहेश यात्रा से लौटने वालों श्रद्धालुओं का पंजीकरण ही नहीं किया गया।
इसका खुलासा भी उपायुक्त अमित कुमार शर्मा के पिता के लापता होने के बाद हुआ है। दरअसल, मणिमहेश यात्रा में जम्मू-कश्मीर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मणिमहेश यात्रा में पहुंचे हैं। इन श्रद्धालुओं का पंजीकरण भी हिमाचल और जम्मू-कश्मीर की सीमा पर किए गए हैं, लेकिन जब यह श्रद्धालु अपने घरों को वापस लौटे तो इनके साथ कोई अतिरिक्त व्यक्ति था या नहीं इसकी जांच नहीं हो पाई।
चंबा प्रशासन ने लापता बुजुर्ग को खोजने में पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन इसके बावजूद उनका कोई भी पता नहीं चल पा रहा है। उपायुक्त किन्नौर अमित कुमार शर्मा ने बताया कि उनके पिता का सुराग देने वाले को परिवार की तरफ से अढ़ाई लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। पिता को खोजने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई है।

