
कांगड़ा – राजीव जसबाल
कोरोना संक्रमण से पालमपुर के एक व्यक्ति की मौत के बाद हैरान करने वाली जानकारी सामने आई है। कोरोना के लक्षण दिखने पर मृतक व्यक्ति ने पालमपुर अस्पताल में अपना टेस्ट करवाया था। टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई और उसे उपचार के लिए टांडा अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
मगर संक्रमित व्यक्ति टांडा अस्पताल को बिना सूचित किए अपनी मर्जी से आईजीएमसी शिमला में जाकर भर्ती हो गया। वहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं, जिला कांगड़ा में कोरोना संक्रमण के शनिवार को कुल 235 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, कोरोना के 138 मरीज स्वस्थ हुए हैं। इसी के साथ जिले में अब कोरोना संक्रमण के सक्रिय मामले 1341 हो गए हैं।
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने कोविड के दिशा निर्देशों के पालन और सभी पात्र लोगों को वैक्सीन लेने की अपील की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने कहा कि कोविड को लेकर सभी नागरिकों को सतर्क रहना जरूरी है। सर्दी-खांसी, जुकाम इत्यादि होने पर कोविड टेस्टिंग अवश्य करवाएं।
उन्होंने कहा कि अप्रैल माह में कोविड पॉजिटिव मामलों की दर 1.2 प्रतिशत, मई माह में 0.8 प्रतिशत, जबकि जून माह में 3.2 प्रतिशत रही है। इसी तरह से जुलाई माह में अब तक कोविड पॉजिटिव मामलों की दर 12 प्रतिशत से भी ऊपर पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को कोविड नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके साथ ही खांसी, बुखार, जुकाम होने पर तुरंत आइसोलेट करें और जांच करवाएं, ताकि इस संक्रमण को और बढ़ने से रोका जा सके।
