
ज्वाली – अनिल छांगु
ज्वाली में स्थायी अतिरिक्त जिला न्यायालय बनाने की माँग जोरों पर है जिसके सम्बन्ध में बार एसोसिएशन ज्वाली में बार अध्यक्ष अंजनी शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों की माँग पर सर्वसम्मति से यह पारित किया गया कि ज्वाली में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश का जो कैंप लगता है, उसके बजाय स्थाई रूप से अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की कोर्ट स्थापित किया जाए।
क्योंकि लोगों को न्याय प्राप्त करने के लिए 100 किलोमीटर से ऊपर का सफर तय करके धर्मशाला जाना पड़ता है यदि ज्वाली में स्थायी रूप से अतिरिक्त जिला न्यायालय बना दिया जाता है तो लोगों को घर द्वार पर ही न्याय मिल जाएगा।
बार अध्यक्ष एडवोकेट अंजनी शर्मा ने कहा कि ज्वाली में माह में केवल एक सप्ताह के लिए ही अतिरिक्त जिला न्यायाधीश का कैम्प लगता है, जो पर्याप्त नहीं है क्योंकि अन्य दिनों में अगर कोई केस दायर करना हो तो लोगों को धर्मशाला जाना पड़ता है।
जिसके कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से माँग की है कि ज्वाली में स्थायी रूप से अतिरिक्त जिला न्यायालय स्थापित किया जाए। इस बैठक में काफी संख्या में एडवोकेट मौजूद रहे।
