
कुल्लू – आदित्य
हिमाचल प्रदेश के मनाली में प्रसिद्ध जोगणी वॉटर फॉल के पास एक टूरिस्ट युवती खाई में गिर गई. घटना में युवती को चोट आई है. गनीमत यह रही कि युवती की जान बच गई. घायल युवती को मनाली अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर को उत्तर प्रदेश के गौंडा की युवती शगुन दोस्तों के साथ घूमने जोगनी फॉल गई थी.
पुलिस को दिए बयान में शगुन ने बताया कि वह पेशे से प्राइवेट जॉब करती है. 5 जून को वह अपनी दोस्त अरुणिमा मुखर्जी और सुमित साहा के साथ मनाली घूमने आए और सफरनामा होटल में रुके हुए थे.
मंगलवार को वह यह अपने साथियों के साथ जोगनी वाटर फॉल घूमने गए. वापसी में जब वह अपने साथियों के साथ लौट रही थी तो रास्ता संकरा होने और भीड़ अधिक होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह करीब 30-40 फीट नीचे गिर गई.
उसके साथियों ने पुलिस को सूचित किया और बाद में पुलिस, फायर टीम और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. हालांकि, तब तक युवती को स्थानी लोगों ने खाई से निकल लिया था.
पुलिस ने बाद में एंबलेंस के जरिये युवती को मनाली अस्पताल में भर्ती करवाया है. जिला प्रशासन ने पर्यटकों से भी आग्रह किया कि वे नदी-नालों से दूर रहें ताकि उनके साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न घट सके.
