
शिमला – जसपाल ठाकुर
जिला शिमला में चंडीगढ़ की शराब बिक रही है। पुलिस ने केवल चंडीगढ़ में बिकने वाली 86 बोतल शराब के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तस्कर अवैध तरीके से इस शराब को शिमला जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचा रहे हैं। बालूगंज थाना पुलिस ने दो ऐसे मामले पकड़े हैं। दोनों ही मामले बालूगंज थाना के तहत पड़ने वाले शोघी क्षेत्र के हैं।
पुलिस ने रूटीन जांच के दौरान सुबह 5:10 बजे शोघी बैरियर के पास एक गाड़ी की तलाशी ली तो 26 बोतल शराब की पकड़ीं। बोतल पर फार सेल चंडीगढ़ लिखा था। पुलिस ने आरोपित मदन लाल निवासी पंकावा (निरमंड) को गिरफ्तार कर लिया है।
दूसरा मामला भी शोघी बैरियर का ही है। पुलिस ने जीप की तलाशी ली तो 60 बोतल शराब पकड़ी। इसमें भी सेल इन चंडीगढ़ लिखा हुआ था। पुलिस ने आरोपित अशोक कुमार निवासी पंकावा डाकघर तुनन (निरमंड) को गिरफ्तार किया है।
मंडी जिले के सलापड़ में जहरीली शराब पीकर सात लोगों की मौत होने के बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। अवैध रूप से शराब बेचने वालों की धरपकड़ के लिए नाके लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
