
फतेहपुर – अनिल शर्मा
हिमाचल के उभरते फिल्म मेकर एकलव्य सेन ने मंगलवार को साहित्यकार पंकज दर्शी से पौंग विस्थापितों पर एक स्क्रिप्ट तैयार करने के लिए विशेष बैठक की। बैठक में एकलव्य सेन ने पौंग बांध विस्थापितों के दर्द को साझा करते हुए इस विषय पर जल्द ही एक फिल्म बनाने की बात की।
इस दौरान पंकज दर्शी ने बताया कि पौंग बांध विस्थापितों से कई बार मिल चुके हैं और उनकी पीड़ा को भली भांति जानते हैं जबकि 50 से अधिक वर्ष बीत जाने के बाद न्यायालय, नेताओं के दर पहुंचकर न्याय के लिए भटक रहे हैं।
पौंग बांध विस्थापित डैम में अचानक पानी छोडऩे से रातोंरात अपने आशियाने, कीमती सामान को आंखों के सामने जलमग्न होते देखकर भागे थे। इस बीच राजस्थान में कई विस्थापितों ने समझौते के तहत मिलने वाली भूमि की खातिर अपनी जान गंवाई।
सरकार की मिलीभगत से राजस्थान का भू माफिया आज भी पौंग बांध विस्थापितों की जमीनों पर कुंडली मारकर बैठे हुए है। फर्जी रजिस्ट्री के सहारे कई पौंग बांध विस्थापित भूमि विहीन हो चुके हैं।
ऐसे में पौंग बांध विस्थापितों के उपरोक्त ज्वलंत मुद्दे पर बनने वाली फिल्म की स्क्रिप्ट पर उन्होंने आज से ही कार्य करने की ठान ली है। जल्द ही फिल्म बनकर तैयार होगी।
