
चंबा – भूषण गुरुंग
विकास खंड चंबा के तहत आने वाली जडेरा पंचायत के प्रधान ने पद से इस्तीफा दे दिया है। निजी कारणों का हवाला देते हुए उपायुक्त डीसी राणा को त्यागपत्र सौंपा है।
त्यागपत्र में कहा है कि पिता के गुजर जाने के बाद घर की सारी जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई है। साथ ही माता का स्वास्थ्य भी ठीक नहीं चल रहा है।
ऐसे में घर में उनकी देखभाल करने वाला भी कोई नहीं है जिस कारण पंचायत व जनमानस से जुड़े कार्यो के लिए समय निकाल पाना मुश्किल हो रहा है।
उधर अनुसूचित जाति कल्याण समिति चंबा के अध्यक्ष केएल शाह ने कहा कि विजय कुमार अनुसूचित जाति से संबंधित एक कर्मठ सामाजिक कार्यकर्ता हैं। विजय कुमार ने दो बार पंचायत प्रधान पद पर जीत हासिल की है। वह राजनीति में लगभग 35 साल से सक्रिय हैं।
धार्मिक व सामाजिक संगठनों में आंबेडकर यूथ क्लब, निरंकारी मिशन, अनुसूचित जाति कल्याण समिति, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में युवा कांग्रेस, ब्लाक कांग्रेस, जिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवा दल में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में भी कांग्रेस सेवा दल के राज्य महासचिव व कल्याण समिति के महासचिव हैं ।
विजय कुमार, प्रधान ग्राम पंचायत जडेरा के बोल
मां का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है। उनकी देखभाल के अलावा घर की जिम्मेदारी के चलते पंचायत कार्यो व लोगों की सेवा के लिए भरपूर समय नहीं निकल पा रहा है। ऐसे में त्यागपत्र के अलावा मेरे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
डीसी राणा, उपायुक्त चंबा के बोल
जडेरा पंचायत प्रधान ने पद से त्याग पत्र दिया है। त्यागपत्र में उन्होंने घर की जिम्मेदारियों के अलावा निजी कारणों का हवाला दिया है। 20 दिन तक त्यागपत्र को अग्रिम नोटिस माना जाता है। उसके बाद ही इसे स्वीकार किया जाएगा।
