
पालमपुर- बर्फू
चेक बाउंस के एक मामले में हरियाणा पुलिस ने रविवार शाम को थाना पंचरुखी के तहत बनूरी से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। हरियाणा पुलिस ने इसकी सूचना पंचरुखी पुलिस को भी दी थी। रविवार सुबह करीब पांच बजे हरियाणा पुलिस ने दलीप कुमार को गिरफ्तार किया।
मामला जमीन से जुड़े लेन-देन का बताया जा रहा है। पुलिस हरियाणा के पंचकूला से आई थी। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति पर कोर्ट में भी मामला चल रहा है। दलीप के खिलाफ हरियाणा में ही नहीं, बल्कि पालमपुर क्षेत्र में भी पैसों को लेकर हेर-फेर के मामले दर्ज हैं।
दलीप ने कुछ समय पहले पत्नी के नाम से पालमपुर में बैंक आफ इंडिया के साथ भी धोखाधड़ी की थी। इस धोखाधड़ी को लेकर बैंक की ओर से उसे नोटिस जारी किए गए, लेकिन कुछ नहीं हुआ। इस मामले में बैंक ने न्यायालय में केस दायर किया है।
बड़ी बात यह है कि पालमपुर न्यायालय ने दलीप की पत्नी को समन भेजे लेकिन उसने प्राप्त ही नहीं किए। छह अप्रैल को भी न्यायालय ने दलीप की पत्नी को समन जारी किया है।
इसके अलावा दलीप के खिलाफ गांव के कुछ लोगों ने कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत पर जब कार्रवाई हुई तो पाया गया कि उसने मकान के पास कब्जा किया है।
हरियाणा पुलिस की ओर से की गई दलीप की गिरफ्तारी के बाद इंटरनेट मीडिया पर परोक्ष रूप से उस पर तंज सकते हुए अपडेट किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि दलीप अपने क्षेत्र में खुद को प्रापर्टी डीलर बताता है। साथ ही वह आजकल एक पार्टी का सक्रिय नेता बना हुआ है।
थाना प्रभारी पंचरुखी सुभाष शास्त्री ने बताया कि दलीप को हरियाणा पुलिस अपने साथ ले गई है।
